
बेरमो/बोकारो थर्मल-
बेरमो प्रखंड अंतर्गत गोविंदपुर डी पंचायत भवन में मंगलवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सूचना सह सुनवाई शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को एसआईआर की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और मतदाता सूची में नाम के सत्यापन से संबंधित जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में बेरमो के प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार ने ग्रामीणों को बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश के तहत झारखंड में एसआईआर का पहला चरण पूरा हो चुका है। 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद अब नामों के सत्यापन और आवश्यक सुधार की प्रक्रिया चल रही है।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने या सत्यापन के लिए निर्धारित दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। आधार समेत कुल 12 दस्तावेजों के आधार पर मतदाताओं की जानकारी की जांच की जा रही है। साथ ही वर्ष 2003 की मतदाता सूची को आधार बनाकर माता-पिता, दादा-दादी और नाना-नानी के नाम से भी मैपिंग की जा रही है।
बीडीओ के अनुसार क्षेत्र में अब तक करीब 80 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि लगभग 20 प्रतिशत मतदाता अभी अनमैप्ड हैं। इन मतदाताओं का सत्यापन बीएलओ और बीएलओ ऐप के माध्यम से निर्धारित दस्तावेजों के आधार पर किया जा रहा है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जिन मतदाताओं का नाम अभी मैप नहीं हुआ है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित बीएलओ से संपर्क करें, ताकि सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
एक भी योग्य मतदाता न रहे वंचित : मुखिया
गोविंदपुर डी पंचायत की मुखिया चंदना मिश्रा ने कहा कि पंचायत का कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने जरूरी दस्तावेज लेकर बीएलओ से संपर्क करें और शिविर में पहुंचकर अपने नाम व विवरण का सत्यापन अवश्य कराएं।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने में ग्रामीणों की भागीदारी जरूरी है। सही मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार है।
शिविर में मिथिलेश कुमार पांडेय, दीपक लोहरा, प्रदीप यादव, सुमित यादव, राजू पंडित, मो. जावेद, रिंकी कुमारी, अनिल लाल सोरेन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
