• Thu. Nov 26th, 2026

उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्श समिति (DLCC/DLRC) की बैठक आयोजित, बैंकिंग सेवाओं, ऋण वितरण एवं वित्तीय समावेशन योजनाओं की हुई समीक्षा…

admin's avatar

Byadmin

Nov 26, 2026

 

ऋण आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन, पात्र किसानों को KCC का लाभ एवं बैंकिंग सेवाओं में सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश।

 

वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत पात्र एवं वंचित व्यक्तियों को बैंकिंग, बीमा, पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने पर दिया गया विशेष बल।

 

 

आज दिनांक 26 नवंबर 2026 को समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्श समिति (DLCC/DLRC) की सितंबर तिमाही 2026 की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों एवं बैंकिंग संस्थानों द्वारा संचालित लाभुक उन्मुख योजनाओं, ऋण वितरण, वित्तीय समावेशन तथा बैंकिंग सेवाओं की उपलब्धता एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

 

बैठक में उप विकास आयुक्त ने सभी बैंक प्रतिनिधियों को ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया में सुधार लाने का निर्देश दिया, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध हो सके और वे अपना व्यवसाय एवं स्वरोजगार प्रारंभ कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं से संबंधित ऋण आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित रखना, बिना उचित कारण आवेदन अस्वीकृत करना अथवा स्वीकृति एवं वितरण में अनावश्यक विलंब करना उचित नहीं है। सभी शाखा प्रबंधकों को आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ निष्पादन करने तथा अस्वीकृत आवेदनों में स्पष्ट कारण अंकित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, बैंक शाखाओं में आने वाले नागरिकों के प्रति सहयोगात्मक एवं उत्तरदायी व्यवहार सुनिश्चित करने की बात कही गई।

 

किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना की समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने पात्र किसानों के लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक योग्य किसानों को योजना का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने जिले के प्रमुख बाजारों एवं अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में ATM सुविधाओं को सुदृढ़ करने, बंद ATM को शीघ्र पुनः संचालित करने तथा ग्रामीण एवं नवसृजित क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए BC-प्वाइंट की संख्या में वृद्धि करने की आवश्यकता बताई।

 

इस दौरान अग्रणी जिला प्रबंधक श्री बरुण कुमार चौधरी ने बैंकों को अधिक से अधिक पात्र किसानों को KCC से आच्छादित करने की बात कही। उन्होंने KCC ऋण पर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली ब्याज संबंधी रियायतों की जानकारी किसानों तक पहुंचाने तथा इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर बल दिया, ताकि किसान इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें। इसके अतिरिक्त, सरकारी योजनाओं के अंतर्गत वितरित ऋणों में बढ़ते अनर्जक परिसंपत्तियों (NPA) पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने ऋण खातों की नियमित निगरानी, समय पर ऋण वसूली तथा लाभुकों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने की आवश्यकता बताई।

 

बैठक में वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान (FI Saturation Campaign) की भी समीक्षा की गई। इस क्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक ने जानकारी दी कि वित्तीय सेवा विभाग, भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले में 21 अक्टूबर 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक ग्राम पंचायतों एवं शहरी स्थानीय निकायों में विशेष वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत पात्र एवं वंचित व्यक्तियों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने, बैंक खाते खोलने, आधार सीडिंग एवं प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, बीमा एवं पेंशन योजनाओं तथा CKYC/RKYC से संबंधित सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने सभी बैंकों एवं शाखा प्रबंधकों से अभियान के तहत आयोजित शिविरों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजनाओं से आच्छादित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप उपलब्धि में सुधार लाने की बात कही। साथ ही, अभियान की प्रगति एवं प्रदर्शन की नियमित समीक्षा करने पर बल दिया।

 

बैठक में PMFME, कृषि एवं पशुपालन आधारित उद्यमिता तथा रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति का भी मूल्यांकन किया गया। उप विकास आयुक्त ने संबंधित विभागों एवं बैंक शाखाओं को इच्छुक लाभुकों, विशेषकर महिला समूहों एवं सखी मंडल की दीदियों को योजनाओं के तहत आवश्यक मार्गदर्शन, प्रशिक्षण एवं समयबद्ध वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभागों एवं बैंकिंग संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ते हुए उनकी आजीविका एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा दिया जा सके।

 

बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष श्री सोनाराम बोदरा, जिला परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती मधुश्री महतो, भारतीय रिजर्व बैंक के राज्य स्तरीय पदाधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री बरुण कुमार चौधरी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, DPM-JSLPS सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक तथा जिला समन्वयक उपस्थित रहे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *