• Thu. May 7th, 2026

उपायुक्त की अध्यक्षता में आंतरिक संसाधन एवं राजस्व संग्रहण से संबंधित समीक्षा बैठक सम्पन्न

admin's avatar

Byadmin

May 7, 2026
crescent ad

 

सरायकेला : समाहरणालय सभागार में आज उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आंतरिक संसाधन एवं राजस्व संग्रहण से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता चांडिल, भूमि सुधार उप समाहर्ता सरायकेला, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, वाणिज्य कर विभाग आदित्यपुर एवं चांडिल के पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता विद्युत, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, नगर निकायों के पदाधिकारी, सब-रजिस्टार सरायकेला एवं चांडिल सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

बैठक में विभागवार राजस्व संग्रहण की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु समन्वित एवं समयबद्ध कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विभागों को लंबित राजस्व वसूली मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संग्रहण में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही राजस्व संग्रहण से संबंधित मामलों में पारदर्शिता, सतत अनुश्रवण एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

उपायुक्त ने वाणिज्य कर विभाग, आदित्यपुर एवं चांडिल को नियमित समीक्षा करते हुए राजस्व संग्रहण में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निबंधन विभाग को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन एवं राजस्व प्राप्ति में वृद्धि हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

जिला परिवहन पदाधिकारी को सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रमों का नियमित आयोजन, सघन वाहन जांच अभियान संचालित करने तथा बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप राजस्व वसूली में तेजी लाने पर बल दिया गया।

जिला खनन पदाधिकारी को नियमित क्षेत्र भ्रमण करते हुए अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध सघन जांच एवं कार्रवाई अभियान संचालित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि खनिज संसाधनों से संबंधित राजस्व हानि रोकने हेतु विभागीय समन्वय के साथ नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

 

कार्यपालक अभियंता विद्युत, सरायकेला एवं आदित्यपुर को वर्तमान में बदलते मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में कम से कम समय में विद्युत सेवा बहाल करने, खराब एवं पंचर लाइनों की त्वरित मरम्मत सुनिश्चित करने तथा शिकायतों के त्वरित निष्पादन हेतु क्षेत्रीय स्तर पर सतत निगरानी व्यवस्था प्रभावी रखी जाए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध हो सके।

 

कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल को निर्धारित समयानुसार नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का त्वरित समाधान, जलापूर्ति योजनाओं का नियमित अनुश्रवण तथा गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

नगर विकास विभाग के पदाधिकारियों को शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई एवं कचरा उठाव की व्यवस्था नियमित एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि नागरिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु नियमित मॉनिटरिंग एवं फील्ड निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकें।

 

बैठक में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री, विद्युत चोरी तथा अन्य राजस्व प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी विभागों को राजस्व संग्रहण से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन नियमित रूप से उपलब्ध कराने तथा लक्ष्य आधारित कार्य संस्कृति अपनाने को कहा गया।

बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी विभागों को राजस्व संग्रहण के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति तथा सभी कार्यों के पारदर्शी, प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *