
चक्रधरपुर, 19 अगस्त: जिला सड़क सुरक्षा टीम एवं परिवहन विभाग, पश्चिमी सिंहभूम द्वारा बुधवार को मध्य विद्यालय आसनतालिया, चक्रधरपुर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवहार के लिए प्रेरित करना था।
अभियान के दौरान जिला सड़क सुरक्षा टीम ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर ट्रैफिक नियमों, रोड मार्किंग, विभिन्न यातायात संकेत बोर्डों तथा नियमों के उल्लंघन पर की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही विद्यार्थियों को सरकार की गुड समैरिटन योजना एवं सड़क दुर्घटना में पीड़ित परिवारों को मिलने वाले मुआवजे से जुड़े प्रावधानों से भी अवगत कराया गया।

जागरूकता कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि तेज गति से वाहन चलाना, नशे की हालत में वाहन चलाना, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना तथा यातायात नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं के मुख्य कारण हैं। उन्हें स्वयं नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवलाल महतो ने विद्यार्थियों से नशे का सेवन कर वाहन नहीं चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि तेज गति, लापरवाही एवं यातायात नियमों का उल्लंघन सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
जिला सड़क सुरक्षा टीम ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यातायात नियमों का पालन, सुरक्षित गति से वाहन संचालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का नियमित उपयोग तथा नशे की हालत में वाहन न चलाना सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। टीम ने विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय, गांव और समाज में सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाने की अपील की।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
