
पंकज ठाकुर
बड़कागांव। अवैध कोयला खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की एनटीपीसी-सीएमपी, हजारीबाग इकाई द्वारा दिनांक 18 सितंबर 2026 को एक व्यापक विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई श्री विवेक शर्मा, वरिष्ठ कमांडेंट के निर्देशन एवं श्री संजीव कुमार मीणा, सहायक कमांडेंट की उपस्थिति में की गई। खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के संशोधित प्रावधानों के अंतर्गत प्राप्त वैधानिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए सीआईएसएफ की टीमों ने इकाई से लगभग 50 किलोमीटर दूर ग्राम सेहंदा के सुदूर वन क्षेत्र तथा लगभग 20 किलोमीटर दूर मोईत्रा घाटी में अवैध रूप से भंडारित कोयले के विरुद्ध कार्रवाई की।

*रातभर चला विशेष अभियान*

यह विशेष अभियान 18 सितंबर 2026 को लगभग 1800 बजे से 19 सितंबर 2026 को लगभग 0500 बजे तक लगातार जारी रहा। अभियान में सीआईएसएफ इकाई के लगभग 100 बल सदस्यों को शामिल किया गया। सभी बल सदस्यों को विभिन्न टीमों में विभाजित कर दोनों स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गई।
*कार्रवाई का विरोध, भीड़ को हटाकर कराया गया मार्ग खाली*
ग्राम सेहंदा चपरी में अवैध रूप से भंडारित कोयले को जब्त करने के बाद उसके परिवहन के लिए हाईवा वाहनों को मौके पर बुलाया गया। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित कर कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करने तथा जब्त कोयले के परिवहन को रोकने का प्रयास किया गया। सीआईएसएफ के बल सदस्यों द्वारा स्थिति को नियंत्रित करते हुए भीड़ को समझाया गया तथा आवश्यक कार्रवाई के बाद मार्ग को खाली कराया गया। इसके उपरांत जब्त कोयले को हाईवा वाहनों के माध्यम से एनटीपीसी कांटा घर तक पहुंचाया गया। इसी प्रकार, मोईत्रा घाटी में कार्रवाई के दौरान भी कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा भीड़ एकत्रित कर मार्ग अवरुद्ध करने तथा जब्त कोयले को ले जाने से रोकने का प्रयास किया गया। सीआईएसएफ बल द्वारा स्थिति को नियंत्रित करते हुए भीड़ को हटाया गया और मार्ग खाली कराकर जब्त कोयले को वाहनों के माध्यम से एनटीपीसी कांटा घर तक पहुंचाया गया।
*280.76 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त*
ग्राम सेहंदा चपरी एवं मोईत्रा घाटी में की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए अवैध कोयले को कुल 10 हाईवा वाहनों के माध्यम से एनटीपीसी कांटा घर तक लाया गया, जहां उसका वजन कराया गया। एनटीपीसी कांटा घर पर किए गए वजन के अनुसार कुल 280.76 मीट्रिक टन अवैध रूप से भंडारित कोयला जब्त किया गया।
*अभियान का उद्देश्य अवैध कोयला खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी अंकुश*
सीआईएसएफ, एनटीपीसी-सीएमपी, हजारीबाग इकाई के द्वारा यह भी संदेश दिया गया है कि अवैध कोयला खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर एवं प्रभावी रूप से जारी रखी जाएगी। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर अंकुश लगाना है। सीआईएसएफ द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध कोयला खनन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसी अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाती रहेगी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
