• Sun. Nov 15th, 2026

सरायकेला में छठ महापर्व की धूम, अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया पहला अर्घ्य

admin's avatar

Byadmin

Nov 15, 2026
crescent ad

 

*खारकई नदी के जगन्नाथ मंदिर घाट और कुदरसाई घाट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा महापर्व का समापन*

 

सरायकेला – लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सरायकेला में पूरे श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। महापर्व के तीसरे दिन रविवार, 15 नवंबर को श्रद्धालुओं और व्रतियों ने अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान खरकई नदी के विभिन्न छठ घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

 

रविवार शाम सूर्यास्त के समय खरकई नदी के प्रमुख जगन्नाथ मंदिर घाट एवं कुदरसाई घाट पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। व्रतियों ने नदी के पवित्र जल में खड़े होकर पारंपरिक रूप से सजाए गए बांस के सूप और दौरा में ठेकुआ, नारियल, गन्ना तथा विभिन्न मौसमी फलों को रखकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

 

शाम ढलते ही नदी के किनारों और छठ घाटों पर छठी मैया तथा सूर्य देव के पारंपरिक लोकगीतों की मधुर धुन गूंजने लगी। जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए स्थानीय प्रशासन एवं पूजा समितियों की ओर से घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। सुरक्षा के लिए जगह-जगह पर पुलिस बल तैनात थी।

 

चार दिवसीय इस महापर्व के अंतिम चरण में सोमवार, 16 नवंबर की सुबह व्रती उदीयमान (उगते)सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही व्रतियों द्वारा छठी मैया से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन किया जाएगा।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *