• Sun. Nov 15th, 2026

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर नारायण प्राइवेट आईटीआई में श्रद्धांजलि, उनके संघर्ष और बलिदान को किया गया नमन

admin's avatar

Byadmin

Nov 15, 2026
crescent ad

 

 

सरायकेला : नारायण प्राइवेट आईटीआई, लुपुंगडीह, चांडिल में महान स्वतंत्रता सेनानी, जननायक एवं आदिवासी समाज के गौरव धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाई गई।

 

इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक डॉ. जटाशंकर पांडे सहित शिक्षक, कर्मचारी एवं अन्य उपस्थित लोगों ने बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में उनके जीवन, संघर्ष, सामाजिक योगदान एवं देश की आजादी में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को याद किया गया।

 

इस अवसर पर डॉ. जटाशंकर पांडे ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू गांव में हुआ था। वे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी, समाज सुधारक एवं आदिवासी जननायक थे। उन्होंने बहुत कम उम्र में ही अंग्रेजी हुकूमत द्वारा किए जा रहे शोषण, अत्याचार, अन्याय और आदिवासी समाज के अधिकारों के हनन के विरुद्ध आवाज उठाई। उन्होंने आदिवासी समाज को संगठित कर उनमें आत्मसम्मान, सामाजिक चेतना और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा की।

 

उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी। उन्होंने अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों, जमींदारी प्रथा और शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया। उनके नेतृत्व में वर्ष 1899-1900 में उलगुलान अर्थात महान जनविद्रोह हुआ, जिसने अंग्रेजी शासन की नींव को चुनौती दी। यह आंदोलन केवल राजनीतिक स्वतंत्रता का संघर्ष नहीं था, बल्कि आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति, परंपरा, अधिकार और स्वाभिमान की रक्षा का भी प्रतीक था।

 

उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा केवल एक स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि एक महान समाज सुधारक भी थे। उन्होंने समाज में फैली कुरीतियों, अंधविश्वास, नशाखोरी और सामाजिक बुराइयों को दूर करने का प्रयास किया। उन्होंने लोगों को शिक्षा, स्वच्छता, एकता, अनुशासन और नैतिक जीवन अपनाने का संदेश दिया।

 

डॉ. पांडे ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए विशेष रूप से प्रेरणादायक है। विद्यार्थियों को उनके साहस, संघर्ष, त्याग, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मात्र 25 वर्ष की आयु में 9 जून 1900 को रांची जेल में उनका निधन हो गया, लेकिन उनके विचार, संघर्ष और आदर्श आज भी करोड़ों लोगों के हृदय में जीवित हैं। भारत सरकार द्वारा उनकी जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाना उनके महान योगदान को राष्ट्रीय सम्मान प्रदान करता है।

 

अंत में सभी उपस्थित लोगों ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

 

इस अवसर पर प्राचार्य जयदीप पांडे, प्रकाश महतो, भगत लाल तेली, देवाशीष मंडल, पवन महतो, अजय मंडल, कृष्णा पद महतो, गौरव महतो, निकिता गोराई, लक्ष्मी महतो, नियति कोड़ा, निमाई मंडल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed