
चाईबासा : राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन नगरपालिका आदर्श मध्य विद्यालय, चाईबासा में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार ने सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को एल्बेंडाजोल दवा खिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई।
जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 4,97,431 बच्चों, किशोरों एवं किशोरियों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह अभियान जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा तकनीकी शिक्षण संस्थानों के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को कृमिनाशक दवा अवश्य दिलाने तथा अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं।

सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी ने बताया कि कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में एनीमिया, कुपोषण, कमजोरी, पेट दर्द और पढ़ाई में एकाग्रता की कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि एल्बेंडाजोल पूरी तरह सुरक्षित एवं प्रभावी दवा है। जिन बच्चों को किसी कारणवश दवा नहीं मिल पाएगी, उन्हें मॉप-अप दिवस पर दवा उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को कृमि संक्रमण के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही हाथ धोने, स्वच्छ भोजन एवं पेयजल के उपयोग तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।
जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयास से संचालित इस अभियान में शिक्षकों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, स्वास्थ्यकर्मियों और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
