
नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

औरंगाबाद जिले के नवीनगर नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या-11 स्थित कोसडीहा गांव में अज्ञात चोरों ने दो घरों में चोरी की बड़ी घटना को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। घटना उस समय हुई जब घर के अधिकांश सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे। घर में केवल तीन महिलाएं मौजूद थीं, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने खिड़की के रास्ते घर में प्रवेश किया और लाखों रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए।

पीड़ित अशोक सिंह ने बताया कि चोरों ने घर के कमरे में रखे पलंग के बॉक्स को खंगालते हुए करीब नौ लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात चोरी कर लिए। इसके अलावा एक टैब, बक्सा तोड़कर उसमें रखे एक लाख 12 हजार रुपये नकद तथा अन्य कीमती सामान भी चुरा लिया गया। चोरी की घटना के बाद पूरे घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। अशोक सिंह की पुत्री खुशी कुमारी ने बताया कि वह अपनी मां और एक अन्य महिला के साथ कमरे में सो रही थी। सुबह जब नींद खुली तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद पड़ोसियों को फोन किया गया, जिसके बाद दरवाजा खुलवाया गया। बाहर निकलने पर घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला और चोरी की जानकारी हुई।
इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले आर्यन कुमार सिंह के घर में भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया। परिजनों के अनुसार उनके घर से करीब एक लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात तथा लगभग दो लाख रुपये नकद चोरी कर लिए गए। घटना की सूचना मिलते ही नवीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
