• Mon. Aug 3rd, 2026

ट्रकों में खलासी की अनिवार्य नियुक्ति से घटेंगी सड़क दुर्घटनाएं, जिला प्रशासन तत्काल करे कार्रवाई: त्रिशानु राय

admin's avatar

Byadmin

Aug 3, 2026
crescent ad

 

चाईबासा : प०सिंहभूम जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सोमवार को कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने उपायुक्त को पत्र प्रेषित कर जिले में संचालित सभी मालवाहक ट्रकों में खलासी (सहायक) की अनिवार्य नियुक्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन की रक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। त्रिशानु राय ने कहा कि प० सिंहभूम एक प्रमुख खनन एवं औद्योगिक जिला है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी मालवाहक वाहनों का परिचालन होता है।

ऐसे में अधिकांश ट्रकों का बिना खलासी के संचालन गंभीर चिंता का विषय है। लंबी दूरी तक लगातार अकेले वाहन चलाने से चालक शारीरिक एवं मानसिक रूप से थक जाता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। यदि इस समस्या पर समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो दुर्घटनाओं में कमी लाना कठिन होगा। उन्होंने कहा कि खलासी केवल वाहन का सहायक नहीं होता, बल्कि सुरक्षित परिवहन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है।

वाहन को पीछे कराने, संकरे एवं भीड़भाड़ वाले मार्गों पर चालक का मार्गदर्शन करने, आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता उपलब्ध कराने तथा चालक की थकान के दौरान सहयोग देने में उसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इसलिए प्रत्येक मालवाहक ट्रक में खलासी की नियुक्ति सड़क सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक है। पत्र के माध्यम से श्री राय ने उपायुक्त से मांग की है कि जिले के सभी मालवाहक ट्रकों में खलासी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

उन्होंने ट्रांसपोर्ट कंपनियों एवं वाहन मालिकों को भी सड़क सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराने की आवश्यकता पर बल दिया। त्रिशानु राय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका प्रभावी अनुपालन भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सड़क दुर्घटना किसी न किसी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति लेकर आती है, इसलिए प्रशासन को इस विषय पर संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *