• Thu. Nov 5th, 2026

आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक में राशन वितरण व्यवस्था पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के निर्देश, अनियमितता पर होगी कार्रवाई.

admin's avatar

Byadmin

Nov 5, 2026
crescent ad

 

 

समाहरणालय सभागार में आज उपायुक्त, सरायकेला–खरसावाँ श्री नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), खाद्यान्न वितरण, ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, डीलर टैगिंग एवं री-टैगिंग, दाल-भात योजना, डाकिया योजना, चावल दिवस, सोना–सोबरन धोती-साड़ी योजना, नमक एवं चीनी वितरण, धान अधिप्राप्ति तथा भुगतान सहित अन्य विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई।

 

बैठक में निर्देश दिया गया कि जन वितरण प्रणाली के तहत सभी पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न का समय पर वितरण सुनिश्चित किया जाए। राशन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही अथवा निर्धारित मानकों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसी शिकायतों की जांच कर संबंधित राशन डीलरों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

ई-केवाईसी एवं आधार सीडिंग के लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने तथा शत-प्रतिशत पात्र लाभुकों को इससे आच्छादित करने का निर्देश दिया गया। इसके लिए आवश्यकतानुसार ग्राम स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर तकनीकी एवं नेटवर्क संबंधी समस्याओं का समाधान करने को कहा गया। लंबे समय से राशन का उठाव नहीं करने वाले, अपात्र एवं निष्क्रिय लाभुकों को चिन्हित कर समुचित जांच के उपरांत नियमानुसार राशन कार्ड से नाम विलोपन की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

 

सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में खाद्यान्न उठाव एवं वितरण की नियमित निगरानी करने तथा लाभुकों को समय पर राशन उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही सभी AMO एवं AGM को गोदामों में उपलब्ध खाद्यान्न का भौतिक स्टॉक सत्यापन कर संबंधित ऑनलाइन पोर्टल पर रिपोर्ट अद्यतन करने का निर्देश दिया गया। नमक एवं चीनी सहित सभी आवश्यक खाद्य सामग्रियों की डोर-स्टेप डिलीवरी (DSD) तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप लाभुकों के बीच वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

निलंबित एवं निलंबनमुक्त राशन डीलरों से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान संबंधित दुकानों के स्टॉक का सत्यापन कर जांच प्रतिवेदन निर्धारित समय-सीमा में विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। जांच में अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार खाद्यान्न की वसूली (रिकवरी), प्राथमिकी दर्ज करने एवं अन्य आवश्यक विभागीय कार्रवाई निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा गया। खाद्यान्न उठाव एवं वितरण से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर भी त्वरित जांच एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

 

गोदाम निर्माण एवं मरम्मती कार्यों की समीक्षा के क्रम में लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इस क्रम में ईचागढ़ गोदाम की मरम्मती के लिए कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया।

 

 

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी को सभी प्रखंडों में संचालित योजनाओं एवं खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा लंबित कार्यों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।

 

उक्त अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री राहुल जी आनंद जी जिला सहकारिता पदाधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, गोदाम प्रबंधक, विभिन्न कार्य एजेंसियों के कनीय अभियंता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *