• Mon. Aug 3rd, 2026

स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने की तैयारियों की व्यापक समीक्षा

admin's avatar

Byadmin

Aug 3, 2026
crescent ad

 

सरायकेला-खरसावाँ जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के सफल, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मनोज सर्वगियारी (भा.पु.से.), अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश (भा.प्र.से.), परियोजना निदेशक, आईटीडीए श्रीमती उषा मुंडू, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, नगर आयुक्त (आदित्यपुर) श्री एजाज अनवर, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल श्री नितिन शिवम गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी-सह-प्रभारी पदाधिकारी (सामान्य शाखा) श्री अविनाश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के सभी पहलुओं की विभागवार समीक्षा की गई। मुख्य समारोह स्थल भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम, समाहरणालय परिसर एवं अन्य निर्धारित स्थलों की साफ-सफाई, रंग-रोगन, स्टेडियम का समतलीकरण एवं स्टोन डस्ट बिछाने, महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं रंग-रोगन, मंच एवं पंडाल की व्यवस्था, साउंड सिस्टम, प्रकाश व्यवस्था, कैमरा एवं वीडियोग्राफी, प्रभात फेरी, परेड पूर्वाभ्यास, राष्ट्रीय गान, माल्यार्पण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, चिकित्सा व्यवस्था, स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, निमंत्रण पत्र वितरण एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से अपनी-अपनी तैयारियां पूर्ण करें, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे जिले में हर्षोल्लास, अनुशासन एवं गरिमा के साथ संपन्न हो सके। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज संहिता के अनुरूप ध्वजारोहण सुनिश्चित करने, नगर निकायों को विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर 13 अगस्त तक साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित सभी कार्य पूर्ण करने तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नगर भवन, सरायकेला में स्थानीय कलाकारों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जा सके।

 

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 15 अगस्त को पूरे जिले में ड्राई डे का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए उत्पाद अधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही स्वतंत्रता दिवस के दिन सभी शराब की दुकानें, कसाईखाने तथा मांस एवं मछली की दुकानें पूर्णतः बंद रहेंगी। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी संयुक्त रूप से इसका अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।

 

राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बाजारों में केवल ध्वज संहिता के अनुरूप निर्धारित मानक आकार के राष्ट्रीय ध्वजों की ही बिक्री सुनिश्चित कराई जाए। इस संबंध में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों को नियमित जांच अभियान चलाने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो।

 

पुलिस अधीक्षक श्री मनोज सर्वगियारी (भा.पु.से.) ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन के दृष्टिगत सभी सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संबंधी तैयारियां समयपूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने समारोह स्थल एवं अन्य ध्वजारोहण स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, प्रभावी यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु समुचित सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया।

 

बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं, जनसहभागिता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

 

*स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 : ध्वजारोहण का निर्धारित कार्यक्रम*

 

– प्रातः 08:15 बजे – गोपनीय कार्यालय, उपायुक्त आवास

– प्रातः 08:40 बजे – गोपनीय कार्यालय, पुलिस अधीक्षक

– प्रातः 09:10 बजे – मुख्य समारोह स्थल, भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला

– प्रातः 10:15 बजे – समाहरणालय परिसर

– प्रातः 10:30 बजे – पुलिस अधीक्षक कार्यालय

– प्रातः 10:55 बजे – पुलिस लाइन, दुगनी


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *