
नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
औरंगाबाद जिले के नवीनगर स्थित उच्च विद्यालय, जनकपुर पोखरा में सोमवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर सिंह एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) संतोष कुमार के सम्मान में शिक्षकों द्वारा भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा जगत से जुड़े शिक्षकों, शिक्षिकाओं तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। समारोह की अध्यक्षता नवीनगर के प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विजेंद्र कुमार सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन शिक्षक राजेश कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर कन्या उच्च विद्यालय, नवीनगर की छात्राओं ने स्वागत गान एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया। छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर सिंह एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी संतोष कुमार को फूलमाला, अंगवस्त्र एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। शिक्षकों ने दोनों पदाधिकारियों के शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों एवं उनके योगदान की प्रशंसा की। अपने संबोधन में जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर सिंह ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के बौद्धिक, नैतिक और सामाजिक विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और बेहतर नागरिक निर्माण का माध्यम है। वहीं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) संतोष कुमार ने विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मेहनत और प्रतिबद्धता से ही सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता में सकारात्मक बदलाव संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता सत्येंद्र सिंह, शिक्षक संघ के राज्य सचिव धनंजय कुमार सिंह, उमाकांत सिंह, संतोष सिंह, बिनोद दास, ओम प्रकाश अग्रवाल, प्रमेन्द्र सिंह, मनोज कुमार चंद्रवंशी, रोहित सिंह, प्रवीणता कुमारी, शोभा तिवारी, गायत्री कुमारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।

अभिनंदन समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और उपस्थित लोगों ने इसे शिक्षा जगत के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।

There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
