• Thu. Nov 19th, 2026

कलिंगानगर में स्टील प्लांट से निकलने वाली गैसों से हाइड्रोजन उत्पादन परियोजना शुरू करने की योजना बना रही है टाटा स्टील

admin's avatar

Byadmin

Nov 19, 2026
crescent ad

 

जमशेदपुर । भारत में अपनी तरह की पहली इस परियोजना के तहत, टाटा स्टील ह्यूस्टन स्थित यूटीलिटी ग्लोबल के सहयोग से स्टील प्लांट से निकलने वाली गैसों से हाइड्रोजन उत्पादन की संभावनाओं पर काम करेगी। इसके लिए यूटीलिटी ग्लोबल की पेटेंटेड H2Gen तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए टाटा स्टील और अमेरिका के ह्यूस्टन स्थित यूटीलिटी ग्लोबल मिलकर फ्रंट-एंड इंजीनियरिंग एंड डिजाइन (FEED) अध्ययन करेंगे। इसका उद्देश्य ओडिशा स्थित टाटा स्टील के कलिंगानगर प्लांट में स्टील मेकिंग के दौरान निकलने वाली गैसों का उपयोग करके हाइड्रोजन उत्पादन करने वाली भारत की पहली परियोजना के लिए टाटा स्टील के बोर्ड के अंतिम निवेश निर्णय (FID) में सहायता करना है। यूटीलिटी ग्लोबल की H2Gen® तकनीक पर आधारित इस प्रस्तावित संयंत्र की उत्पादन क्षमता प्रतिदिन 10 टन होगी। इसमें स्टील निर्माण प्रक्रिया के दौरान निकलने वाली गैसों का उपयोग कर उच्च शुद्धता वाला हाइड्रोजन तैयार किया जाएगा। मौके पर सुबोध पांडेय, वाइस प्रेसिडेंट – टेक्नोलॉजी, R&D, न्यू मैटेरियल्स बिजनेस एंड ग्राफीन, टाटा स्टील ने कहा, “स्टील उद्योग को कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में किसी भी तकनीक की सार्थक भूमिका तभी हो सकती है, जब वह चालू स्टील प्लांट की व्यापकता और जटिलताओं के अनुरूप काम कर सके। H2Gen® जैसी तकनीकें मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर का उपयोग करते हुए उत्सर्जन कम करने के नए अवसर प्रदान करती हैं। यूटिलिटी ग्लोबल के साथ हमारा यह सहयोग टाटा स्टील के परिचालन में कार्बन उत्सर्जन को और कम करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है।”

यूटीलिटी ग्लोबाल ने एक ऐसी इलेक्ट्रोकेमिकल प्रक्रिया विकसित की है, जिसके जरिए कार्बन मोनोऑक्साइड (CO) से भरपूर स्टील प्लांट की गैसों का उपयोग करके उच्च शुद्धता वाला हाइड्रोजन तैयार किया जाता है। इस तकनीक का पहले कनाडा में एक स्टील उत्पादक के ब्लास्ट फर्नेस प्लांट में वास्तविक ब्लास्ट फर्नेस गैस का उपयोग करके सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया जा चुका है। इस सहयोग के तहत फ्रंट-एंड इंजीनियरिंग एंड डिजाइन (FEED) अध्ययन किए जाएंगे। अंतिम निवेश निर्णय (FID) सफलतापूर्वक लिए जाने के बाद कलिंगानगर में प्लांट की स्थापना और परिचालन शुरू किया जाएगा।

यह पहल टाटा स्टील की कम कार्बन उत्सर्जन वाली स्टील निर्माण पहलों की व्यापक श्रृंखला का हिस्सा है। इसके जरिए कंपनी वर्ष 2045 तक नेट जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य हासिल करने की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ा रही है। कंपनी इससे पहले अपने ब्लास्ट फर्नेस में कोल बेड मीथेन, हाइड्रोजन और बायोचार के इंजेक्शन का सफल परीक्षण कर चुकी है। इसके अलावा, वर्ष 2021 में जमशेदपुर में ब्लास्ट फर्नेस गैस से कार्बन डाइऑक्साइड कैप्चर करने वाला भारत का पहला प्लांट शुरू किया था। इस वर्ष सितंबर में टाटा स्टील ने अपने मेरामंडली प्लांट में कोक ओवन गैस इंजेक्शन परियोजना भी शुरू की। यह भारतीय स्टील उद्योग में अपनी तरह की पहली पहल है।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *