
संवाददाता अंतर्कथा केरेडारी बालमुकुंद दास
केरेडारी(हज़ारीबाग़) उरीमारी थाना क्षेत्र के कर्मा टिल्हा जंगल के समीप गुरुवार रात पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य अंशु दुबे के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अंशु दुबे के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और गिरोह का पर्चा भी बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अंशु दुबे को 5 नवंबर को गढ़वा से पूछताछ के लिए उरीमारी लाया गया था। पूछताछ के दौरान उसने उरीमारी क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की थी। साथ ही उसने पुलिस को बताया था कि वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार और गिरोह का पर्चा कर्मा टिल्हा जंगल में छिपाकर रखा गया है।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम उसे लेकर हथियार बरामद करने जंगल पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस जवानों को धक्का देकर वहां छिपाए गए हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली अंशु दुबे के पैर में लगी।
घटना में किसी अन्य के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने मौके से हथियार और पर्चा बरामद कर लिया है। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
उरीमारी थाना प्रभारी इकबाल ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल आरोपी खतरे से बाहर है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गिरोह की अन्य गतिविधियों तथा सदस्यों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
