
आद्रा : दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया गया। आद्रा स्थित SERSA स्टेडियम में आयोजित समारोह में मंडल रेल प्रबंधक श्री मुकेश गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, प्रेस प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया तथा RPF एवं विभिन्न रेलवे इकाइयों द्वारा शानदार मार्च-पास्ट एवं परेड प्रस्तुत की गई।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में मंडल द्वारा अर्जित आय के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संरक्षा के क्षेत्र में 167 किमी ट्रैक का नवीकरण, 14 लेवल क्रॉसिंग को RUB/ROB से बदलने तथा 25 लेवल क्रॉसिंग पर इलेक्ट्रिकल बैरियर लगाने का कार्य किया गया।

यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में 3 अमृत स्टेशनों को विकसित करने के साथ 8 लिफ्ट, 8 एस्केलेटर एवं 54 प्लेटफॉर्म शेड का निर्माण किया गया। कर्मचारी कल्याण के तहत नए क्वार्टरों का निर्माण एवं पुराने क्वार्टरों का पुनर्निर्माण किया गया तथा 2,379 कर्मचारियों को स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा प्रदान की गई।
यात्री सुरक्षा के क्षेत्र में RPF द्वारा 243 बच्चों को सुरक्षित बचाया गया, 19 टिकट दलालों को गिरफ्तार किया गया तथा 16 यात्रियों की जान बचाई गई। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण के तहत 1,385 KW सोलर प्लांट से ₹72.75 लाख की बचत तथा 93,000 पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर रेलवे विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं मंडल सांस्कृतिक विभाग द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आद्रा मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों एवं रेलवे भवनों को तिरंगे की रोशनी से आकर्षक रूप से सजाया गया तथा स्टेशनों पर PA सिस्टम के माध्यम से देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया गया।
इससे पूर्व, 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर बोकारो स्टील सिटी, पुरुलिया, बांकुड़ा एवं आद्रा रेलवे स्टेशनों पर विशेष प्रदर्शनी आयोजित की गई। पुरुलिया स्टेशन पर एक स्वतंत्रता सेनानी के परिवारजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इन आयोजनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश दिया गया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
