
बेरमो: बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के नया बस्ती स्थित हरिजन बस्ती की सड़क पर मंगलवार रात अवैध कोयला लदी मोटरसाइकिल की चपेट में आने से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान रिबलाल सिंह की पत्नी फूलबतिया देवी के रूप में हुई है. घटना रात करीब 10 बजे की है.
जानकारी के अनुसार, फूलबतिया देवी अपने पति के साथ कंचकीरो में काली पूजा देखने जा रही थीं. इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही अवैध कोयला लदी मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई.

घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने बुधवार सुबह शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग को लेकर बोकारो थर्मल-नरकी मुख्य मार्ग जाम कर दिया. इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया.

सूचना मिलने पर बोकारो थर्मल थाना प्रभारी रोहित कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट भेज दिया. थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि हिट एंड रन के प्रावधानों के तहत मिलने वाला मुआवजा मृतका के परिजनों को दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी.
वहीं, जिला परिषद सदस्य शहजादी बानो ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताई. उन्होंने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने और अवैध कोयला ढुलाई में इस्तेमाल होने वाली मोटरसाइकिलों पर रोक लगाने की मांग की.
मौके पर पहुंचे सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र यादव, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि मंजूर आलम, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि सुनील महतो और सुनील टाइगर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने प्रशासन से सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की. मृतका के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा हैं.
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
