• Sun. Nov 1st, 2026

सरायकेला : कुशपुतुल की चार सूत्री जनहित मांगों को लेकर विधायक सविता महतो को सौंपा आवेदन, सड़क, बिजली, पुलिया और मुक्ति धाम निर्माण की मांग

admin's avatar

Byadmin

Nov 1, 2026
crescent ad

 

सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत राजस्व ग्राम कुशपुतुल के ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं ने गांव की चार सूत्री जनहित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ईचागढ़ विधायक सविता महतो को आवेदन सौंपा। आवेदन के माध्यम से ग्रामीणों ने गांव की बुनियादी समस्याओं की ओर विधायक का ध्यान आकृष्ट कराते हुए शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।

 

ग्रामीणों के अनुसार, गांव के लगभग तीन हजार लोग इन समस्याओं से प्रभावित हैं। उनकी पहली मांग कुशपुतुल-चांडिल मुख्य सड़क के करीब 800 मीटर जर्जर हिस्से का शीघ्र पक्कीकरण कराने की है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों और मरीजों को आवागमन में काफी परेशानी होती है।

 

दूसरी मांग गांव के रोड साइड सिरका डायरेक्ट ट्रांसफार्मर से आने वाली बिजली लाइन को दुरुस्त कराने की है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली का तार कृष्ण पद महतो के घर की छत से सटकर गुजर रहा है। वहीं एक अन्य तार तालाब के ऊपर पेड़ से सटकर गुजर रहा है। पेड़ पर दोनों तारों के संपर्क में आने की स्थिति बनी हुई है। इस समस्या के समाधान के लिए तीन से चार बिजली के खंभे लगाने तथा तारों को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित करने की मांग की गई है।

 

तीसरी मांग वामनी नदी के सोगड़ा घाट पर पुलिया निर्माण कराने की है। ग्रामीणों ने बताया कि कुशपुतुल गांव को एनएच-18 से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर पुलिया निर्माण का टेंडर पूरा होने के बावजूद अब तक काम शुरू नहीं हुआ है। बरसात के दिनों में ग्रामीणों का संपर्क प्रभावित होता है। वहीं वैकल्पिक रास्ते पर जंगली हाथियों का खतरा बना रहता है।

 

चौथी मांग नदी किनारे उचित स्थान पर मुक्ति धाम का निर्माण कराने की है, ताकि ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए व्यवस्थित एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सके।

 

ग्रामीणों ने विधायक से चारों मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने का आग्रह किया। आवेदन की प्रतिलिपि नीमडीह अंचल अधिकारी एवं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी भेजी गई है।

 

इस दौरान समीर कुमार महतो, रुबाश सिंह सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *