
जमशेदपुर, 01 नवंबर 2026। मानगो नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से रविवार को मानगो चौक से मानगो बाजार तक विशेष स्वच्छता एवं जन जागरूकता अभियान चलाया गया। गीता थिएटर जमशेदपुर के सचिव सह मानगो नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर प्रेम दीक्षित के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने सड़क एवं बाजार क्षेत्र में झाड़ू लगाकर कचरे की सफाई की तथा स्थानीय दुकानदारों एवं नागरिकों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
अभियान की शुरुआत मानगो चौक के समीप स्थित भारत पेट्रोलियम पंप से हुई। इसके बाद मानगो चावल बाजार तक झाड़ू लगाकर सड़क एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई की गई। सफाई के उपरांत संबंधित स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया गया।

इस दौरान मानगो चौक के समीप स्थित श्रेष्ठतम मिष्टी भंडार सहित मानगो चावल बाजार के दुकानदारों से नम्रतापूर्वक जनसंवाद किया गया। उन्हें अपनी दुकानों के बाहर दो अलग-अलग रंगों के कूड़ेदान रखने, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठानों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की गई।

मीडिया से बातचीत करते हुए नवनियुक्त मानगो नगर निगम स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर प्रेम दीक्षित ने कहा कि, “मानगो नगर निगम ने मुझ पर भरोसा जताते हुए जो महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है, उसे पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निभाने का प्रयास करूंगा। इसी संकल्प के तहत अब प्रत्येक रविवार सुबह 07:00 बजे से 08:00 बजे तक एक घंटे का विशेष रविवार स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से मानगो नगर निगम के अलग-अलग वार्डों में निगम के पदाधिकारी, कर्मचारी, सफाईकर्मी एवं वार्ड पार्षदों के साथ कदम से कदम मिलाकर मानगो को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने का प्रयास किया जाएगा।”
उन्होंने आगे कहा कि इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए मानगो की सामाजिक संस्थाओं, विद्यालयों, युवाओं एवं आम नागरिकों से भी सक्रिय भागीदारी की अपील की जाती है। इच्छुक सामाजिक संस्थाएं, विद्यालय एवं युवा रविवार स्वच्छता अभियान से जुड़ने के लिए मोबाइल नंबर 8092623310 पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रेम दीक्षित ने यह भी बताया कि गीता थिएटर जमशेदपुर समय-समय पर मानगो नगर निगम के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान में सक्रिय योगदान देने वाली सामाजिक संस्थाओं, विद्यालयों एवं युवाओं के सम्मान में सम्मान समारोह आयोजित करेगा, ताकि स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित किया जा सके।
इस अवसर पर गीता थिएटर की अध्यक्ष गीता कुमारी, मेरा युवा भारत (MY Bharat), पूर्वी सिंहभूम के स्वयंसेवक अनन्त सरदार, गंगा मंडल, आकाश साव, ममता सिंह, आकाश सरदार, रूपेश कुमार, देवु सिंह सरदार एवं आयुष चौरसिया उपस्थित रहे। वहीं मानगो नगर निगम की ओर से अंशुमान कुमार तथा मानगो के युवा समाजसेवी शुभम राज अपने युवा साथियों के साथ अभियान में शामिल हुए।
अभियान के माध्यम से सभी ने स्वच्छता को केवल सरकारी जिम्मेदारी न मानकर सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी बनाने तथा स्वच्छ मानगो, स्वस्थ मानगो के संकल्प को साकार करने का संदेश दिया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
