
बेरमो/बोकारो थर्मल-
बोकारो थर्मल में कथित रूप से बिना परमिट बस संचालन को लेकर मंगलवार को लाल चौक पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थानीय बस एवं छोटे यात्री वाहनों के संचालकों ने “विजय रथ” नामक बस का विरोध करते हुए उसका घेराव कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।

जानकारी के अनुसार पप्पू उर्फ बब्लू कुशवाहा द्वारा संचालित “विजय रथ” बस नावाडीह, सारूबेरा, पलामू, बोकारो थर्मल, पेंक और बनासो होते हुए हजारीबाग तक संचालित की जा रही है। बस के स्टाफ उपेंद्र यादव और इंद्रजीत सिंह ने बताया कि वे केवल वाहन मालिक के निर्देश पर अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर रहे हैं।

विरोध कर रहे स्थानीय बस एवं जीप संचालकों का आरोप है कि संबंधित बस के पास इस रूट पर संचालन का वैध परमिट नहीं है, इसके बावजूद यात्रियों को बैठाकर नियमित रूप से बस चलाई जा रही है। उनका कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी बोकारो थर्मल थाना में लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
मंगलवार को नेहा बस, श्री शिव बस सहित अन्य स्थानीय वाहन मालिकों और चालकों ने लाल चौक पर बस को रोककर विरोध दर्ज कराया। उनका कहना था कि यदि बिना परमिट बसों का संचालन जारी रहा तो स्थानीय वाहन संचालकों के रोजगार पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
स्थिति की जानकारी मिलते ही बोकारो थर्मल थाना के एसआई मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने बस संचालकों को आवश्यक दस्तावेज एवं परमिट की वैधता सुनिश्चित करने की सलाह देते हुए बस को वापस भेज दिया, जिसके बाद विवाद समाप्त हो गया।
विरोध प्रदर्शन में मंटू गुप्ता, परमेश्वर नायक, भुनेश्वर साव, नीरज कुमार साव सहित कई स्थानीय वाहन संचालक शामिल थे। सभी ने प्रशासन से मांग की कि बिना वैध परमिट संचालित होने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि स्थानीय परिवहन व्यवसायियों के हितों की रक्षा हो सके।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
