
नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

औरंगाबाद जिले के नवीनगर नगर पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कब्जों के कारण बाधित नाला निर्माण कार्य को लेकर सोमवार को नगर पंचायत प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। प्रशासन ने नाला निर्माण में बाधा बन रहे अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया।

कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। नगर पंचायत प्रशासन की इस कार्रवाई में कार्यपालक पदाधिकारी किशोर भारती, कनीय अभियंता पूजा कुमारी तथा पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया। प्रशासन ने पहले ही संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर सरकारी जमीन से स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था। बावजूद इसके कई लोगों द्वारा कब्जा नहीं हटाए जाने पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार नाला निर्माण के लिए निर्धारित सरकारी जमीन पर कई लोगों ने अवैध रूप से दुकान, चबूतरा और मकान का हिस्सा बना लिया था। इससे नाला निर्माण कार्य लंबे समय से बाधित था और जल निकासी की समस्या उत्पन्न हो रही थी।
बरसात के दिनों में लोगों को जलजमाव की परेशानी का सामना करना पड़ता था। सोमवार को नगर पंचायत प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और चिन्हित अवैध निर्माणों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। बुलडोजर चलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में बाधा बनने वाले किसी भी अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्यपालक पदाधिकारी किशोर भारती ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में विकास योजनाओं को सुचारु रूप से पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। साथ ही अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई कि वे स्वयं सरकारी भूमि खाली कर दें, अन्यथा प्रशासनिक कार्रवाई जारी रहेगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि नाला निर्माण पूरा होने से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और बरसात के समय होने वाली जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
