
राजनगर : समावेशी शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत प्रखंड राजनगर के प्रखंड संसाधन केंद्र में दिव्यांग बच्चों के लिए सहायक उपकरण वितरण शिविर का सोमवार को सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। शिविर में पूर्व में चिन्हित एवं जांच किए गए दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। कुल 20 दिव्यांग बालक-बालिकाओं के बीच ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड (श्रवण यंत्र), स्मार्ट केन, विशेष जूते तथा बैसाखी सहित विभिन्न सहायक उपकरणों का वितरण किया गया।

इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी श्री दिनेश दंडपात ने कहा कि समावेशी शिक्षा कार्यक्रम के माध्यम से दिव्यांग बच्चों की आवश्यकताओं के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उनकी शिक्षा, आवागमन तथा दैनिक जीवन की गतिविधियाँ अधिक सुगम होंगी। उन्होंने कहा कि समावेशी शिक्षा का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को समान अवसर प्रदान करना है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ शिक्षा प्राप्त कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

एलिम्को के विशेषज्ञ पीएंडओ सोनी कुमारी, ऑडियोलॉजिस्ट राम कुमार सिंह, पीएंडओ ऋतिक गुप्ता एवं लवकुश ने संयुक्त रूप से सभी दिव्यांग बच्चों को उपकरणों की सही फिटिंग की तथा उनके सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग की जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी ममता कुमारी, रिसोर्स शिक्षक प्रसनजीत नाथ, फिजियोथैरेपिस्ट अनीता तिर्की सहित कई अधिकारी, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
