• Wed. Jul 22nd, 2026

जनहित के 17 मुद्दों पर झरिया विधायक रागिनी सिंह का बड़ा एक्शन, लोदना एरिया-10 के महाप्रबंधक को सौंपा मांग-पत्र

admin's avatar

Byadmin

Jul 21, 2026
crescent ad

 

झरिया/धनबाद। लोदना क्षेत्र संख्या–10 के लोगों की वर्षों से लंबित जनसमस्याओं के समाधान को लेकर झरिया विधायक रागिनी सिंह ने सोमवार को लोदना एरिया-10 के महाप्रबंधक अनिल कुमार सिंह के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान विधायक ने क्षेत्रवासियों की ओर से 17 सूत्री मांग-पत्र महाप्रबंधक को सौंपते हुए सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

 

बैठक में मंदिर निर्माण, पेयजल संकट, बिजली व्यवस्था, सड़क मरम्मत, ट्रांसफॉर्मर स्थापना, जलापूर्ति पाइपलाइन, खेल मैदान का सौंदर्यीकरण, सामुदायिक भवन की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, आवास आवंटन, जर्जर भवनों की मरम्मत तथा अन्य जनहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया गया।

 

मांग-पत्र में गोल्डेन पहाड़ी स्थित सिद्ध गुरु चेतन्य शक्ति पीठ मंदिर परिसर के निर्माण कार्य को पूरा कराने, कुसुंडा कॉलियरी क्षेत्र में पेयजल एवं पिट वाटर की व्यवस्था, विभिन्न वार्डों की जर्जर सड़कों की मरम्मत, डीजी प्लांट डिगवाडीह में गेट एवं स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, खेल मैदान के सौंदर्यीकरण, झरिया चार नंबर बस स्टैंड सब्जी बाजार तक जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाने, जामाडोबा, जोगीडीह, जीतपुर, लोदना सहित विभिन्न क्षेत्रों में पानी, बिजली एवं आवास संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान सहित कुल 17 प्रमुख मांगों को प्रमुखता से रखा गया।

 

बैठक में क्षेत्रीय कार्मिक प्रबंधक अमित कुमार महतो एवं परियोजना पदाधिकारी अनिल कुमार भी उपस्थित रहे। प्रबंधन की ओर से विधायक द्वारा उठाए गए सभी जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक पहल करते हुए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।

 

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि के. डी. पांडेय, अखिलेश सिंह, राज किशोर जेना, रामाधार सिंह, उमेश यादव, संजय यादव, रविकांत पासवान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के स्थानीय मजदूर भाई-बहन एवं गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

 

 

झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा,

 

“लोदना क्षेत्र संख्या–10 की जनता ने जिस विश्वास के साथ मुझे अपना प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना मेरा कर्तव्य है। क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को पेयजल, बिजली, सड़क, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आज 17 सूत्री मांग-पत्र के माध्यम से जनता की वर्षों पुरानी समस्याओं को प्रबंधन के समक्ष मजबूती से रखा गया है। मैंने स्पष्ट कहा है कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जब तक प्रत्येक मांग का समाधान नहीं हो जाता, तब तक मेरा संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। जनता की आवाज़ पहले भी बुलंद थी, आज भी है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ उठती रहेगी।”

 

उन्होंने कहा कि लोदना क्षेत्र संख्या–10 के सर्वांगीण विकास, श्रमिकों के हितों की रक्षा तथा क्षेत्रवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *