
झरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक रागिनी सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी से मुलाकात कर झरिया विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई गंभीर एवं जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।


इस दौरान विधायक रागिनी सिंह ने केंदुआ क्षेत्र में हुए भू-धसान एवं गैस रिसाव से प्रभावित लोगों की स्थिति, खनन प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे ग्रामीणों के विस्थापन, कतरास के सोनारडीह क्षेत्र में हुए भू-धसान तथा बंद पड़े धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग को जल्द दुरुस्त कर पुनः चालू कराने के मुद्दे पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि केंदुआ क्षेत्र में भू-धसान और गैस रिसाव की घटनाओं के कारण स्थानीय लोगों के सामने गंभीर सुरक्षा संकट उत्पन्न हो गया है। कई परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। वहीं धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से आम लोगों, स्कूली बच्चों, मरीजों एवं रोजाना आवागमन करने वाले हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक रागिनी सिंह ने मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र सर्वे कराया जाए तथा भू-धसान एवं गैस रिसाव से प्रभावित परिवारों के सुरक्षित विस्थापन, समुचित पुनर्वास, वैकल्पिक आवास एवं मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था जल्द सुनिश्चित की जाए। साथ ही धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग की मरम्मत, भराई एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य कराकर उसे आम जनता के लिए जल्द पुनः चालू किया जाए।
इस पर केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने सभी विषयों को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
