
बलियापुर (धनबाद):
बलियापुर प्रखंड सभागार में आज झारखंड स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती अत्यंत हर्षोल्लास और गौरवपूर्ण माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि माननीय विधायक चंद्रदेव महतो (उर्फ बबलू महतो), विशिष्ट अतिथि प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और अंचलाधिकारी (CO) सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर की गई।

इस समारोह का मुख्य आकर्षण झारखंड राज्य अलग कराने में अपनी महती भूमिका निभाने वाले वीर आंदोलनकारियों का सम्मान रहा। विधायक चंद्रदेव महतो और प्रमुख पिंकी देवी ने मंच से सभी आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर, सर्टिफिकेट (प्रशस्ति पत्र) और मोमेंटो (स्मृति चिह्न) प्रदान किया। जनप्रतिनिधियों ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिए और राज्य निर्माण में उनके बलिदान को नमन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सह सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा, “आज का दिन हमारे लिए आत्मगौरव और संकल्प का दिन है। भगवान बिरसा मुंडा के उलगुलान और हमारे वीर आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष की बदौलत ही हमें यह अलग राज्य मिला है। आंदोलनकारियों का त्याग और बलिदान अतुलनीय है, जिसका कर्ज यह राज्य कभी नहीं चुका सकता। हमारी प्राथमिकता क्षेत्र का चहुंमुखी विकास करना और अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।”
जल, जंगल और जमीन की रक्षा ही भगवान बिरसा मुंडा को सच्ची श्रद्धांजलि: प्रमुख पिंकी देवी
विशिष्ट अतिथि प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी ने अपने संबोधन में कहा, “भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर हमें उनके सिद्धांतों को आत्मसात करने की जरूरत है। झारखंड की संस्कृति, यहां के जल, जंगल, जमीन और स्थानीय अधिकारों की रक्षा करना ही भगवान बिरसा मुंडा और हमारे आंदोलनकारियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। प्रखंड प्रशासन और सभी जनप्रतिनिधि मिलकर बलियापुर को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रखंड प्रशासन के अधिकारियों ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस गौरवमयी अवसर पर मुख्य रूप से उप-प्रमुख आशा देवी, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, प्रखंड कर्मी सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे। पूरा सभागार ‘जय झारखंड’ और ‘भगवान बिरसा मुंडा अमर रहें’ के नारों से गुंजायमान रहा।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
