
सरायकेला : राष्ट्रीय गैर संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित जन-जागरूकता अभियान एवं ओरल स्क्रीनिंग कार्यक्रम के तहत सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (एनसीडी) डॉ. कामिनी लता के निर्देशन में गुरुवार को एसएस+2 हाई स्कूल, चांडिल में मुख स्वास्थ्य जांच शिविर, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम तथा राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान दंत चिकित्सक डॉ. शानदार हसन रिजवी एवं डॉ. पूनम कुमारी द्वारा कुल 120 छात्र-छात्राओं के मुख एवं दंत स्वास्थ्य की जांच (ओरल स्क्रीनिंग) की गई। जांच के उपरांत विद्यार्थियों को दांतों एवं मुख की नियमित सफाई, संतुलित आहार तथा दंत रोगों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर डॉ. पूनम कुमारी ने विद्यार्थियों को सही तरीके से ब्रश करने की विधि की जानकारी देते हुए तंबाकू एवं गुटखा सेवन के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि गुटखा एवं अन्य तंबाकू उत्पादों की लत धीरे-धीरे गंभीर बीमारियों, विशेषकर मुख कैंसर, हृदय रोग एवं फेफड़ों के कैंसर का कारण बनती है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “गुटखा खाने में भले ही मज़ा लगे, लेकिन हर थूक में ज़हर होता है। शुरुआत शौक से होती है, लेकिन यही आदत आगे चलकर जीवन के लिए घातक बन जाती है।”

कार्यक्रम के दौरान वरीय दंत चिकित्सक डॉ. रीना सिंह ने कहा कि “गुटखा खाने से मुख का कैंसर होता है। अभी भी समय है, सोचिए, समझिए और तंबाकू से दूरी बनाइए। स्वस्थ जीवन का चयन करें, तंबाकू का नहीं।” उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से स्वयं तंबाकू मुक्त रहने तथा दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, मानसिक रोगों के सामान्य लक्षण, तनाव से बचाव, सकारात्मक सोच तथा आवश्यकता पड़ने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई।
एनसीडी विभाग द्वारा बताया गया कि जिले में समय-समय पर विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन कर लोगों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से जागरूक किया जा रहा है। विभाग ने सभी नागरिकों से तंबाकू उत्पादों से दूरी बनाए रखने तथा समाज को तंबाकू मुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यालय कर्मियों एवं छात्र-छात्राओं को तंबाकू मुक्त जीवन एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
