• Sun. Jun 14th, 2026

उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में रविवार को जिला पंचायती राज कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित

admin's avatar

Byadmin

Jun 14, 2026
crescent ad

 

चाईबासा, 14 जून 2026: पश्चिमी सिंहभूम उपायुक्त श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में रविवार को जिला पंचायती राज कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत स्तर पर संचालित विकासात्मक एवं जनहितकारी कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य, जनजागरूकता, आधारभूत संरचना विकास तथा मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

 

उपायुक्त ने कहा कि पंचायतें सरकार और जनता के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों की भूमिका अत्यंत अहम है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

 

बैठक में 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी पंचायत सचिवालयों, पंचायत भवनों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही इसी दिन पंचायत दिवस मनाने तथा पंचायतों की उपलब्धियों और विकास कार्यों को ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तुत करने पर बल दिया गया।

 

मलेरिया उन्मूलन अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए उपायुक्त ने पंचायत स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने, स्वच्छता बनाए रखने, मच्छरदानी के उपयोग और समय पर स्वास्थ्य जांच के लिए लोगों को प्रेरित करने का निर्देश दिया।

 

बैठक में पंचायत भवनों के सुदृढ़ीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा भी की गई। उपायुक्त ने पंचायत भवनों में स्वच्छ पेयजल, विद्युत व्यवस्था, बैठने की सुविधा तथा डिजिटल सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि इन्हें ग्रामीण प्रशासन और जनसेवा के प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।

 

नशा मुक्त पश्चिमी सिंहभूम अभियान की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पंचायत प्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों में नशा विरोधी जनजागरूकता अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा सामाजिक एवं पारिवारिक समस्याओं का प्रमुख कारण बनता जा रहा है और इसे समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

 

बैठक में 15 जून को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, 24 जून को रक्तदान दिवस तथा 28 जून से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने इन अभियानों को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए पंचायत स्तर पर व्यापक जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम चलाने का निर्देश दिया।

 

मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने 15 जून तक मतदाता मैपिंग कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का अद्यतन एवं शुद्धीकरण लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए अत्यंत आवश्यक है और इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

बैठक के अंत में उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, पोषण, नशा उन्मूलन और लोकतांत्रिक जागरूकता से जुड़े सभी कार्यक्रमों की सफलता पंचायतों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायत स्तर पर सामूहिक प्रयासों और जनसहभागिता के माध्यम से पश्चिमी सिंहभूम जिला विकास एवं जनकल्याण के अपने सभी लक्ष्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त करेगा।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *