
आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-22 स्थित एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान के विकास को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।
मंगलवार को वार्ड सभा में पारित 10 प्रस्तावों के विरोध में बुधवार को स्थानीय लोगों ने मोर्चा खोल दिया। श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी (सिंहभूम ब्वॉयज क्रिकेट क्लब) के नेतृत्व में सैकड़ों कॉलोनीवासियों ने एकजुट होकर प्रस्तावित निर्माण कार्यों के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि मैदान के मूल स्वरूप से किसी प्रकार की छेड़छाड़ स्वीकार नहीं की जाएगी।
विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि मैदान के पूर्वी हिस्से में 10 फीट ऊंची चहारदीवारी, ओपन जिम, कोर्ट सहित अन्य पक्के निर्माण की योजना से मैदान का खुलापन समाप्त हो जाएगा। दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष बबलू सिंह ने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों की पर्याप्त भागीदारी के बिना ही वार्ड सभा में प्रस्ताव पारित कर दिए गए।
उन्होंने बताया कि छठ पर्व के दौरान अधिकांश परिवारों के बाहर रहने के कारण 12 नवंबर को महापौर एवं नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर 17 नवंबर की बैठक स्थगित करने की मांग की गई थी। इसके बावजूद बैठक आयोजित कर निर्णय ले लिया गया। उन्होंने कहा कि कमेटी मैदान में हरियाली बढ़ाने, घास लगाने और बेहतर रोशनी की व्यवस्था के पक्ष में है, लेकिन चहारदीवारी और अन्य स्थायी निर्माण का विरोध जारी रहेगा।
वहीं, राणा सिंह ने मैदान में मॉल की गाड़ियों की पार्किंग होने संबंधी आरोपों को गलत बताया। पूर्व पार्षद सुधीर सिंह ने भी वार्ड सभा की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे तत्काल रद्द करने की मांग की। उनका कहना था कि 4,500 से अधिक मतदाताओं वाले वार्ड में बेहद कम लोगों की मौजूदगी में लिए गए फैसले पूरे क्षेत्र की सहमति नहीं माने जा सकते। इधर, कॉलोनीवासियों ने 25 नवंबर के बाद व्यापक आमसभा आयोजित कर इस मुद्दे पर सामूहिक निर्णय लेने और आगे की आंदोलनात्मक रणनीति तय करने की घोषणा की है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
