
राजनगर। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत जारकानी गांव में प्रस्तावित खनन पट्टा का ग्रामीणों ने जोरदार विरोध किया।
इस संबंध में माझी बाबा सह ग्राम प्रधान लाभो बास्के के नेतृत्व में आयोजित ग्राम सभा में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि गांव की सहमति के बिना किसी भी परिस्थिति में खनन पट्टा के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं दिया जाएगा।
ग्राम सभा में ग्रामीणों ने कहा कि खनन कार्य शुरू होने से क्षेत्र के पर्यावरण, जलस्रोतों एवं खेती-किसानी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसके अलावा खनन गतिविधियों से उत्पन्न धूल, प्रदूषण तथा भारी वाहनों की आवाजाही के कारण ग्रामीणों के समक्ष कई तरह की समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि प्रस्तावित खनन क्षेत्र के समीप विद्यालय स्थित है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा और उनकी पढ़ाई पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। ग्राम सभा में उपस्थित लोगों ने कहा कि इस संबंध में पूर्व में ही जिला प्रशासन को लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है,
लेकिन खनन पट्टा की प्रक्रिया आगे बढ़ने की आशंका को देखते हुए सामूहिक विरोध दर्ज कराया गया। ग्राम सभा में जिला प्रशासन से स्थल का निरीक्षण कराने तथा ग्राम सभा के निर्णय का सम्मान करते हुए
खनन पट्टा की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की गई। बैठक में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण शामिल हुए और गांव की जमीन, पर्यावरण, कृषि तथा बच्चों के भविष्य की रक्षा के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
