• Sun. May 31st, 2026

NH-32 पर ट्रेलर की चपेट में आया साइकिल सवार, दोनों पैर गंवाए

admin's avatar

Byadmin

May 31, 2026
crescent ad

 

 

सरायकेला : चांडिल से पुरुलिया-धनबाद जाने वाले मुख्य राज्यमार्ग NH-32 पर पितकी गेट के समीप आज सुबह करीब 10:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ट्रेलर संख्या JH05 070607 ने साइकिल सवार कालिया गोप को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रेलर का अगला चक्का कालिया गोप के ऊपर चढ़ गया, जिससे उनका एक पैर पूरी तरह कुचल गया और दूसरा पैर भी टूट गया।

 

*प्रत्यक्षदर्शी दहले*

दुर्घटना का मंजर इतना भयावह था कि प्रत्यक्षदर्शियों के रोंगटे खड़े हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल चांडिल स्टेशन के आरपीएफ जवानों को सूचना दी। आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेलर चालक को पकड़ लिया।

 

*एमजीएम रेफर, एक घंटे बाद पहुंची पुलिस*

घायल कालिया गोप को तुरंत 108 एंबुलेंस से एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के करीब एक घंटे बाद नीमडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आरपीएफ ने आरोपी चालक को नीमडीह पुलिस के हवाले कर दिया।

 

*राशन लाकर लौट रहा था कालिया*

सूत्रों के अनुसार, नीमडीह थाना क्षेत्र के चीगडीडीह गांव निवासी 45 वर्षीय कालिया गोप आज सुबह राशन कार्ड से चावल-गेहूं लेने डीलर के पास गए थे। वापस लौटने के क्रम में पुरुलिया की ओर से जमशेदपुर जा रहे तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गए।

 

*परिवार का इकलौता कमाने वाला हुआ अपाहिज*

बताया जा रहा है कि ट्रेलर चालक की लापरवाही के कारण कालिया गोप अपाहिज हो गए हैं। कालिया अपने परिवार में इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। हादसे में दोनों पैर गंवाने से परिवार पर आजीविका का संकट गहरा गया है।

 

*ब्लैक स्पॉट बना पितकी गेट*

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह दूसरी सड़क दुर्घटना है। इसी जगह पूर्व में भी एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। लोगों ने NH-32 के पितकी गेट के पास स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।

 

नीमडीह पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। चालक से पूछताछ की जा रही है।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *