
सरायकेला: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां जिला समिति का पुनर्गठन एवं विस्तार करते हुए नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की है। पार्टी की केंद्रीय टीम द्वारा केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो के अनुमोदन के बाद जारी सूची में दीपक महतो को एक बार फिर जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के इस निर्णय को संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका, संघर्षशील कार्यशैली और नेतृत्व पर केंद्रीय नेतृत्व के विश्वास के रूप में देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के गठन के समय भी सरायकेला-खरसावां जिले के प्रथम जिलाध्यक्ष के रूप में दीपक महतो को ही जिम्मेदारी दी गई थी। इससे पहले वे भाषा-खतियान आंदोलन के दौरान भी सक्रिय रूप से जुड़े रहे और आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। JLKM के गठन के बाद उन्होंने संगठन को गांव-गांव तक विस्तार देने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने, विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने तथा जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में उल्लेखनीय योगदान दिया। इन्हीं संगठनात्मक क्षमताओं और समर्पण को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।

दीपक महतो सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सुदूर ग्रामीण क्षेत्र रगामांटीया गांव के निवासी हैं। वे एक साधारण किसान परिवार से आते हैं और आज भी कृषि कार्य से जुड़े हुए हैं। ग्रामीण परिवेश से निकलकर उन्होंने अपनी मेहनत, सादगी और संगठन के प्रति समर्पण के बल पर कार्यकर्ताओं के बीच एक जमीनी एवं लोकप्रिय नेता के रूप में पहचान बनाई है। वे लंबे समय से किसानों, युवाओं, मजदूरों तथा स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करते रहे हैं।

पार्टी द्वारा घोषित नई जिला कार्यकारिणी में आदित्य कुमार को नगर अध्यक्ष, रोहित कुमार प्रधान को कोषाध्यक्ष तथा रूपेश वर्मा, विष्णुपद महतो, कृष्ण कुम्हार, कमलेश महतो और सरोज कुमार महतो को महासचिव बनाया गया है। वहीं हेमंत कुमार महतो, प्राणेश्वर प्रसाद, भरत महतो, विश्वनाथ कुमार, प्रेम चंद महतो, पूर्ण शशि महतो, पारसनाथ महतो, नरेन्द्र प्रसाद, राजीव कुमार और अर्जुन महतो को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। माधव महतो को जिला प्रवक्ता तथा राजेश कुमार, प्रकाश कुमार महतो और गोपाल महतो को जिला मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कई वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव तथा जिला कार्यकारिणी सदस्य के रूप में जिम्मेदारी देकर संगठन को और व्यापक स्वरूप प्रदान किया गया है।
पार्टी नेतृत्व ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन की नीति, सिद्धांत और जनहित के मुद्दों के प्रति पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया है। साथ ही कहा गया कि आगामी दिनों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं, महिलाओं और किसानों को जोड़ने तथा झारखंडी अस्मिता, भाषा-खतियान, स्थानीय अधिकार और जनसरोकार के मुद्दों पर संघर्ष को और तेज किया जाएगा।
नई जिला समिति के गठन के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं और समर्थकों ने विश्वास व्यक्त किया है कि दीपक महतो के नेतृत्व में सरायकेला-खरसावां जिला संगठन नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा तथा पार्टी की विचारधारा और जनआंदोलनों को गांव-गांव तक पहुंचाकर आगामी संगठनात्मक एवं राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना करेगा।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
