
आदित्यपुर (का.प्र.)। आगामी दुर्गापूजा को लेकर आदित्यपुर-गम्हरिया क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। पूजा के सफल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन को लेकर आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को समिति के अध्यक्ष सह आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी से मुलाकात की।
इस दौरान पुलिस प्रशासन, नगर निगम और विभिन्न विभागों से संबंधित 11 सूत्री मांगपत्र सौंपा गया। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अनुपस्थिति में ज्ञापन की प्रति उनके कार्यालय में भी रिसीव कराई गई। पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि दुर्गापूजा शुरू होने में अब महज पांच दिन शेष हैं और क्षेत्र के कई बड़े पूजा पंडालों का निर्माण अंतिम चरण में है।
ऐसे में शांति समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों को पूजा से पूर्व धरातल पर उतारना जरूरी है। समिति ने नगर निगम से पूजा से पहले विशेष सफाई अभियान चलाने, पंडालों तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत और पूजा के दौरान नियमित सफाई की मांग की।
वहीं जेआरडीसीएल व जियाडा से टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग की बंद स्ट्रीट लाइट व हाईमास्ट लाइट दुरुस्त करने तथा पूजा के दौरान वैकल्पिक बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।
बड़े पंडालों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व अस्थायी दुकानों के लिए स्थान चिह्नित करने की मांग भी रखी गई। खरकई पुल के समीप एमपी टावर के पास वॉच टावर, मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था तथा आदित्यपुर व गम्हरिया स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई।
इसके अलावा विसर्जन घाट तक पहुंच मार्ग की मरम्मत, पर्याप्त रोशनी, हाइड्रा की व्यवस्था, संवेदनशील पंडालों में दमकल की तैनाती और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पूजा के दौरान आदित्यपुर, गम्हरिया और आरआईटी थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्ती बढ़ाने की भी मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल में उदित यादव, सकला मारडी, ऋषिकांत गुप्ता, राजेश यादव, अवधेश कुमार और सोनू पासवान शामिल थे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
