• Sun. Sep 27th, 2026

Adityapur : पानी टैंकर कारोबार में तीन लाख की ठगी का आरोप, रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी,आदित्यपुर थाने में की लिखित शिकायत

Subhasish Kumar's avatar

BySubhasish Kumar

Sep 27, 2026
crescent ad
adityapur : आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पानी टैंकर व्यवसाय में निवेश के नाम पर तीन लाख रुपये की ठगी और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में गम्हरिया स्थित ग्रीन हेरिटेज अपार्टमेंट में रहने वाली नंदिता महतो ने विनायक गार्डन निवासी अभिजीत पाल के खिलाफ आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में नंदिता महतो ने बताया है कि उनकी पहचान अभिजीत पाल से पानी टैंकर सप्लाई व्यवसाय के दौरान हुई थी। व्यवसाय में साझेदारी के तहत उन्होंने अभिजीत पाल को कुल तीन लाख रुपये दिए थे, जिसमें दो लाख रुपये ऑनलाइन तथा एक लाख रुपये नकद शामिल हैं।
दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते के अनुसार निवेश राशि पर प्रतिमाह 53 हजार रुपये भुगतान किया जाना था। साथ ही व्यवसाय बंद होने या किसी कारणवश नहीं चलने की स्थिति में पूरी मूल राशि लौटाने की बात तय हुई थी।
पीड़िता के अनुसार शुरुआती छह माह तक उन्हें निर्धारित राशि का भुगतान मिलता रहा, लेकिन पिछले दो माह से भुगतान बंद कर दिया गया। पूछताछ करने पर आरोपी बैंक खाता फ्रीज होने का हवाला देकर लगातार टालमटोल करता रहा। नंदिता महतो ने बताया कि 26 सितंबर को आरोपी ने रकम लौटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि 27 सितंबर को जब वह आरोपी के फ्लैट पहुंची तो वहां के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि अभिजीत पाल करीब पांच दिन पहले ही फ्लैट खाली कर कहीं चला गया है। बाद में फोन पर संपर्क होने पर आरोपी ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
नंदिता महतो ने एक अन्य युवक सुमन घोष पर अपनी गतिविधियों की निगरानी कराने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर बकाया राशि वापस दिलाने तथा आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।

There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *