• Fri. Jun 5th, 2026

Adityapur : मांझी टोला में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट, रथू हेंब्रम समेत महिलाएं घायल

Subhasish Kumar's avatar

BySubhasish Kumar

Jun 5, 2026
crescent ad
आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मांझी टोला में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में रथू हेंब्रम समेत कई महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने झारखंड मुक्ति मोर्चा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सुशीला तांती के साथ आदित्यपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इच्छापुर लाइन टोला निवासी रथू हेंब्रम अपनी पैतृक खतियानी जमीन, प्लॉट संख्या 671 एवं खाता संख्या 144/5 पर साफ-सफाई का कार्य करवा रहे थे। इसी दौरान आदित्यपुर-2 रोड नंबर-5 निवासी दिलीप मंडल, असीम भुइयां उर्फ मोलू, राहुल मंडल तथा अन्य लोग वहां पहुंचे और जमीन पर अपना दावा जताते हुए विवाद शुरू कर दिया।
रथू हेंब्रम ने आरोप लगाया है कि विवाद बढ़ने पर विपक्षी पक्ष ने लोहे की छड़ और हथौड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर, जबड़े और छाती में गंभीर चोटें आईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान उनके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया।
पीड़ित ने मामले में अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर, जमीन को लेकर दोनों पक्ष अपना-अपना दावा कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार विवादित भूमि को लेकर पहले भी मतभेद की स्थिति रही है।
मामले पर आदित्यपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मारपीट संबंधी आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस दोनों पक्षों के दावों, घटनास्थल की स्थिति तथा उपलब्ध तथ्यों की जांच कर रही है।
जांच पूरी होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *