
सरायकेला : जिले के मंगलवार देर रात आदित्यपुर स्थित आयडा (AIADA) गेट के ठीक सामने की ‘खाऊ गली’ में महज वेज रोल को लेकर उपजे मामूली विवाद के बाद हिंसक झड़प में एक निर्दोष युवक की चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी गई,
जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस ने गुरुवार को इलाके में बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
*पुलिस व निगम की संयुक्त कार्रवाई, ठेले-खोमचे जब्त -*
आज गुरुवार को आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल और आदित्यपुर नगर निगम की टीम दलबल के साथ खाऊ गली पहुंची। सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित दुकानों, फुटपाथों और रास्तों को तत्काल खाली कराया गया। आवागमन में बाधा बन रहे लोहे के कई ठेले, गुमटियों व खोमचों को जब्त कर लिया गया। प्रशासन की सख्त कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया।
घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए भाजपा नेता सावन गुप्ता ने प्रशासनिक सुस्ती पर सवाल खड़े किये। उन्होंने कहा कि खाऊ गली में अवैध दुकानों, देर शाम लगने वाले जमावड़े और खुलेआम शराबखोरी की शिकायतें उन्होंने व स्थानीय नागरिकों ने पहले भी लिखित रूप से नगर निगम और पुलिस प्रशासन से की थीं।
सावन गुप्ता ने आरोप लगाया कि अगर संबंधित विभाग समय रहते अवैध कब्जों और मुख्य मार्ग पर बाधित हो रहे ट्रैफिक पर सख्ती बरतता, तो आज एक परिवार का चिराग न बुझता। उन्होंने मांग की कि केवल खानापूर्ति के बजाय नगर निगम और जिला प्रशासन स्थायी तौर पर सख्त कदम उठाए, ताकि शहर की सड़कों पर असामाजिक तत्वों का अड्डा न बने और भविष्य में किसी निर्दोष को जान न गंवानी पड़े।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
