• Fri. Jun 12th, 2026

आदित्यपुर में 13 जून से शुरू होगी 18वीं झारखंड राज्य सब-जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप, तैयारियां पूरी

Subhasish Kumar's avatar

BySubhasish Kumar

Jun 12, 2026
crescent ad
आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित एम-टाइप दुर्गा पूजा मैदान में 13 से 15 जून तक 18वीं झारखंड राज्य सब-जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस संबंध में सरायकेला-खरसावां डिस्ट्रिक्ट बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा, आयोजन सचिव सह नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह और सचिव राजीव वर्मा ‘कुकू’ ने संयुक्त रूप से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में राज्य के 22 जिलों से 165 बालक एवं बालिका मुक्केबाज हिस्सा लेंगे। मुकाबलों के निष्पक्ष संचालन के लिए 16 रेफरी एवं अधिकारी तैनात किए गए हैं।
आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता राज्य के उभरते मुक्केबाजों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करेगी और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर भी उपलब्ध कराएगी।
*उद्घाटन समारोह 13 जून को*
प्रतियोगिता का उद्घाटन 13 जून को शाम 4:30 बजे होगा। उद्घाटन समारोह में टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके अलावा जुस्को के चीफ देवी पंथला, जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष आर.के. सिन्हा, झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव आनंद बिहारी दुबे और जमशेदपुर के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पॉल भी उपस्थित रहेंगे।
*दूसरे दिन खिलाड़ियों का बढ़ाएंगे उत्साह*
14 जून को प्रतियोगिता के दूसरे दिन खरसावां विधायक दशरथ गागराई मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में आदित्यपुर नगर निगम की उपनगर आयुक्त पारुल सिंह, यूनाइटेड इन्फ्राकोर के प्रबंध निदेशक किशन सोंथोलिया तथा ए.के. श्रीवास्तव कार्यक्रम में शामिल होंगे।
*15 जून को होंगे फाइनल मुकाबले*
प्रतियोगिता का फाइनल एवं पुरस्कार वितरण समारोह 15 जून को आयोजित किया जाएगा। समापन अवसर पर घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह, आदित्यपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज तथा स्टेट बॉक्सिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष बिशन सिंह बेदी उपस्थित रहेंगे। विजेता खिलाड़ियों को इसी दौरान सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों ने खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। उनका कहना है कि इस आयोजन से क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।

There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *