
सरायकेला। झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक घोटाले से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार सुबह सरायकेला निवासी ठेकेदार संजय डालमिया के पटनायक टोला स्थित आवास पर छापेमारी कर तलाशी अभियान चलाया। बताया गया कि ईडी की कार्रवाई शुरू होने से पहले ही संजय डालमिया अपने घर से फरार हो चुके थे।
सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम करीब सात वाहनों से सुबह लगभग सात बजे संजय डालमिया के आवास पर पहुंची और घर को अपने कब्जे में लेकर तलाशी शुरू की। टीम ने घर के विभिन्न हिस्सों में रखे दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड तथा अन्य सामान की जांच की। छापेमारी के दौरान घर के बाहर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
बताया गया कि ईडी अधिकारियों ने सुबह करीब सात बजे घर में प्रवेश किया और रात करीब 8 बजे तक दस्तावेजों की जांच व पूछताछ का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान परिवार के सदस्यों और घर में काम करने वाले लोगों से भी बारी-बारी से पूछताछ की गई।
यह कार्रवाई सहकारिता बैंक से करीब 35 करोड़ रुपये का ऋण लेकर उसकी वापसी नहीं करने से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में की गई बताई जा रही है। जांच के दौरान कारोबारी संजय डालमिया पर बैंक के तत्कालीन अधिकारियों के साथ कथित मिलीभगत कर बैंक को बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान पहुंचाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
हालांकि, ईडी की ओर से छापेमारी को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
