
सरायकेला, 29 नवंबर। सरस्वती शिशु मंदिर उच्च विद्यालय, सरायकेला में रविवार को मातृ सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में माताओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मातृशक्ति का सम्मान, माताओं के बीच आत्मीयता एवं एकता का भाव विकसित करना तथा बच्चों के संस्कार, व्यक्तित्व निर्माण और परिवार एवं समाज के विकास में माताओं की महत्त्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गायत्री परिवार की सदस्या श्रीमती मंजू साहू जी एवं सरायकेला नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्षा श्रीमती मिनाक्षी पटनायक जी उपस्थित रहीं। साथ ही विद्यालय के अध्यक्ष श्री रमनाथ आचार्य जी, प्रधानाचार्य श्री पार्थ सारथी आचार्य जी, उपप्रधानाचार्य श्री तुषार कांत पति जी तथा विद्यालय के समस्त दीदी जी एवं आचार्य जी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात विद्यालय की परंपरा के अनुरूप वंदना प्रस्तुत की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री पार्थ सारथी आचार्य जी ने उपस्थित अतिथियों का परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया। विद्यालय के अध्यक्ष श्री रमनाथ आचार्य जी ने सम्मेलन की प्रस्तावना प्रस्तुत की। अपने संबोधन में उन्होंने मातृशक्ति की महत्ता, बच्चों के जीवन में माता के संस्कारों की भूमिका तथा परिवार एवं समाज को दिशा देने में माताओं के योगदान पर प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर विद्यालय की बहन सृष्टि पाणि द्वारा माताओं के सम्मान में सुंदर गीत प्रस्तुत किया गया। वहीं विद्यालय की दीदी जी श्रीमती शालिनी नंदा जी ने मातृ सम्मेलन के उद्देश्य, मातृत्व की गरिमा, बच्चों के जीवन में संस्कारों के महत्त्व तथा विद्यालय एवं परिवार के समन्वय से भावी पीढ़ी के निर्माण पर अपने विचार रखे।
सम्मेलन के अंतर्गत माताओं के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें शंख प्रतियोगिता, म्यूजिकल चेयर एवं रंगोली निर्माण प्रतियोगिता शामिल थीं। माताओं ने सभी प्रतियोगिताओं में उत्साह, उमंग एवं जोश के साथ भाग लिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से माताओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा आपसी मेल-मिलाप का सुंदर अवसर प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम का एक महत्त्वपूर्ण चरण विद्यालय की मातृ भारती का गठन रहा। इसके अंतर्गत विद्यालय की माताओं को संगठित कर एक समूह बनाया गया, जिससे विद्यालय एवं माताओं के बीच सहभागिता, सहयोग और समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके तथा विद्यालय की गतिविधियों में माताओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित हो सके।
मुख्य अतिथि श्रीमती मंजू साहू जी एवं श्रीमती मिनाक्षी पटनायक जी ने भी अपने संबोधन में मातृशक्ति की गरिमा, बच्चों को संस्कारवान बनाने, परिवार में माता की भूमिका तथा समाज के उत्थान में महिलाओं के योगदान पर प्रभावशाली एवं प्रेरणादायी विचार प्रस्तुत किए। उनके वक्तव्य ने उपस्थित माताओं को नई ऊर्जा, उत्साह एवं प्रेरणा प्रदान की।
अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन विद्यालय के संगीताचार्य श्री सौरव बनर्जी जी द्वारा भावपूर्ण वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ।
सम्पूर्ण मातृ सम्मेलन उत्साह, आत्मीयता, संस्कार एवं मातृशक्ति के सम्मान से परिपूर्ण रहा। माताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति एवं सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल एवं स्मरणीय बना दिया।
मातृशक्ति ही संस्कार, संस्कृति और सशक्त समाज की आधारशिला है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
