
जमशेदपुर । एक्सएलआरआई – जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, जमशेदपुर ने अपने प्रतिष्ठित वार्षिक महोत्सव ‘एन्सेंबल वैलहल्ला 2026’ के 27वें संस्करण का सफलतापूर्वक समापन किया। 21 से 23 नवंबर तक आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव की थीम ‘सिम्फनी ऑफ स्टार्स’ (सितारों का संगम) थी। इसमें नौ शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा, संगीत, फैशन तथा खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। इस महोत्सव में XLRI जमशेदपुर, XIMB, BIT सिंदरी, IIM रांची, XISS, IIM संबलपुर, आर्मी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट कोलकाता, MTMC और NIT जमशेदपुर के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से इस आयोजन ने विद्यार्थियों को आपसी संवाद, रचनात्मकता, सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का एक बेहतरीन मंच प्रदान किया। महोत्सव की सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं की शुरुआत नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता ‘रंगमंच’ से हुई। इसके बाद एकल नृत्य प्रतियोगिता ‘नाट्यांजलि’ और समूह नृत्य प्रतियोगिता ‘मचाएंगे’ का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में BIT सिंदरी ने ‘रंगमंच’ और ‘मचाएंगे’ दोनों में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि ‘नाट्यांजलि’ में IIM संबलपुर विजेता बना।
वहीं शाम के कार्यक्रम में XLRI के इन-हाउस म्यूजिक बैंड ‘बोधि ट्री’ ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन किया। इसके बाद टाटा ऑडिटोरियम के सामने रेड बुल DJ सेट ने माहौल को संगीतमय बना दिया। वहीं महोत्सव के दूसरे दिन ‘तरंग – द बैटल ऑफ बैंड्स’ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें XLRI ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि XIMB दूसरे स्थान पर रहा। शाम का मुख्य आकर्षण मशहूर गायिका असीस कौर और DJ रवाटर की लाइव प्रस्तुतियां रहीं। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शक झूम उठे। जबकि तीसरे दिन एकल गायन प्रतियोगिता ‘रागलय’ में विभिन्न संस्थानों के प्रतिभाशाली गायकों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। इसमें XISS की रिमिता दत्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि इसी संस्थान की तृष्णा उपविजेता रहीं। इसके अलावा ‘मिंत्रा ग्लैमफेस्ट’, जिसे स्पॉटिफाई का सहयोग प्राप्त था, में XLRI के विद्यार्थियों ने रैंप पर अपनी प्रतिभा और फैशन का शानदार प्रदर्शन किया।

तीन दिवसीय महोत्सव का समापन प्रसिद्ध संगीतकार एवं गायक जोड़ी सलीम-सुलेमान की धमाकेदार लाइव प्रस्तुति के साथ हुआ। उनकी शानदार प्रस्तुति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण खेल प्रतियोगिताएं रहीं। ‘वैलहल्ला’ खेल चैंपियनशिप के तहत पुरुष, महिला और ओपन वर्ग में कुल 25 खेल श्रेणियों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न खेलों में निरंतर बेहतर प्रदर्शन करते हुए XLRI ने कुल 65 अंक हासिल कर ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं, 38 अंकों के साथ IIM रांची दूसरे स्थान पर रहा। जबकि XIMB, IIM संबलपुर और IIM शिलांग ने 30-30 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
एन्सेंबल वैलहल्ला 2026 ने एक बार फिर यह साबित किया कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, रचनात्मकता, सहयोग और उत्कृष्टता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विभिन्न संस्थानों के युवाओं को एक मंच पर लाकर इस महोत्सव ने स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ आपसी मित्रता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा दिया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
