
जमशेदपुर । टाटा मोटर्स के स्थायी कर्मचारी सुबोध पात्रो की मौत के बाद मुआवजे और आश्रित को नौकरी देने की मांग को लेकर कंपनी गेट पर जमशेदपुर के वरीय समाजसेवी बंटी सिंह के नेतृत्व में शुरू किया गया आंदोलन एवं धरना प्रदर्शन पांचवे दिन बुधवार को शाम 7:30 बजे समाप्त हो गया।
चूंकि मृतक को मरे हुए चार दिन बीत जाने के बाद भी कंपनी गेट पर धरना प्रदर्शन में बैठे आंदोलनकारियों व पीड़ित परिवार के मांग को कंपनी प्रबंधन द्वारा अनसुना कर दिया जा रहा था । तो इस आंदोलन को जायज ठहराते हुए पीड़ित परिवार के समर्थन में झामुमो पार्टी के नेता व कार्यकर्ता भी बुधवार को धरना प्रदर्शन में बैठ गया ।
अंततः टाटा प्रबंधन को झुकना पड़ा और पीड़ित परिवार के मांग को लेकर समझौता वार्ता करने को तैयार हुई ।
जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, टाटा मोटर्स प्रबंधन के अधिकारी , टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, सरकार के प्रतिनिधि और झामुमो जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन की मौजूदगी में हुई समझौता वार्ता के बाद यह फैसला लिया गया। समझौते के तहत दिवंगत कर्मचारी सुबोध पात्रो के परिवार के एक पुत्र को टाटा मोटर्स में नियमानुसार स्थायी नौकरी देने पर सहमति बनी ।
इसके अलावा परिवार को लगभग 77 लाख रुपये की कुल राशि और क्वार्टर समेत अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। एक साल की ट्रेनिंग के बाद एक आश्रित को स्थायी नियोजन देने की बात कही गई है । टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने बताया कि कंपनी प्रबंधन, विधायक मंगल कालिंदी और सरकार के प्रतिनिधियों ने मानवीय संवेदना को ध्यान में रखते हुए परिवार के एक सदस्य यानी पुत्र को नौकरी देने पर सहमति बनाई है।
उन्होंने कहा कि परिवार की इच्छानुसार पुत्र को एक साल की ट्रेनिंग के बाद स्थायी नौकरी या पदाधिकारी के रूप में नियोजन का विकल्प मिलेगा। महामंत्री आरके सिंह ने आगे कहा कि कंपनी में औद्योगिक शांति का माहौल बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
ऐसा वातावरण कायम रहने पर ही सभी को रोजगार के अवसर मिलते रहेंगे। वहीं टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद ने कहा कि हम अपने मजदूर साथी सुबोध पात्रो के निधन पर पूरी यूनियन की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं । उन्होंने कहा कि विगत 21 नवंबर को लंबी बीमारी एवं व्यापक चिकित्सीय उपचार के बाद उनका दुखद निधन हो गया था । वो विगत कई वर्षो से विभिन्न गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। यूनियन सारी वस्तु स्थिति से पूरी तरह अवगत है। विभिन्न समय पर यूनियन ने मानवीय संवेदना के तहत पूर्व में इनकी मदद भी की है ।
समझौता वार्ता में ये रहे शामिल
समझौता वार्ता में विधायक मंगल कालिंदी, सहायक दंडाधिकारी निखिल किरण, टाटा मोटर्स के जीएम (एचआर) प्रणव कुमार, ईआर हेड सौमिक रॉय, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह शामिल हुए। वहीं, दिवंगत सुबोध पात्रो के परिवार की ओर से उनकी पत्नी और पुत्र भी वार्ता में मौजूद रहे।समझौते के बाद कंपनी गेट पर कई दिनों से जारी धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
बंटी सिंह ने कहा : मेरा मकसद सिर्फ मृतक परिवार को न्याय दिलाना था , वह मिल गया
पीड़ित परिवार को न्याय मिलने पर समाजसेवी बंटी सिंह ने कहा कि अगर यूनियन व झामुमो के लोगों को सही अर्थ में पीड़ित परिवार के प्रति उनका हमदर्दी होता तो आज मृतक का शव पांच दिनो से शीतगृह में पड़ा हुआ नही होता । एक दिन में ही पीड़ित परिवार को न्याय मिल जाता , परंतु वैसा नहीं किया गया । अंतिम दिन सिर्फ श्रेय लेने के लिए पहुंच गए , क्योंकि कंपनी प्रबंधन भी यही चाहती थी कि इसका श्रेय बंटी सिंह को न मिले । बंटी सिंह ने कहा कि मैने श्रेय लेने के लिए धरना प्रदर्शन पर नहीं बैठा था । मेरा मकसद सिर्फ पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना था और वह मिल गया । इसके लिए उन्होंने कंपनी प्रबंधन सहित धरना प्रदर्शन में साथ देने वाले सभी लोगों का आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया । साथ ही बंटी सिंह ने यह भी कहा कि धरना प्रदर्शन में राजनीतिक पार्टी को शामिल होने से टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन पूरी तरह से निष्क्रिय और विफल साबित हुई है , क्योंकि यह यूनियन अब बिल्कुल पंगु बन चुकी है ।
पिछले चार दिनों से आंदोलन का नेतृत्व कर रहे बंटी सिंह ने कहा कि इस पूरे संघर्ष का उद्देश्य किसी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल को नीचा दिखाना अथवा आंदोलन का श्रेय लेना नहीं था। हमारी पहली और आखिरी प्राथमिकता मृतक परिवार को न्याय दिलाना था । जिस परिवार ने अपना कमाने वाला सदस्य खोया है, उसके सामने भविष्य की चिंता और आर्थिक संकट खड़ा हो गया था। ऐसे समय में परिवार के अधिकारों के लिए आवाज उठाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी थी। उन्होंने कहा कि टाटा मोटर्स प्रबंधन को मजदूरों और उनके आश्रित परिवारों के प्रति संवेदनशील होना
चाहिए और समझौते में लिए गए निर्णय को शीघ्र अमल में लाना चाहिए , क्योंकि कर्मचारी की मृत्यु के बाद उसके परिवार को न्याय और सम्मानजनक जीवन देने की जिम्मेदारी प्रबंधन की भी है। चार दिनों तक चले संघर्ष में विभिन्न राजनीतिक दलों के युवाओं और समर्थकों ने जिस तरह साथ दिया, उसके लिए वे सभी धन्यवाद के पात्र हैं। हमारा संघर्ष किसी राजनीतिक झंडे के लिए नहीं, बल्कि एक पीड़ित परिवार के अधिकार के लिए था। भविष्य में भी मजदूरों के साथ अन्याय होगा तो हम मजबूती से आवाज उठाएंगे।
अंततः बंटी सिंह ने स्वर्गीय सुबोध पात्रो के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से कामना किया कि शोकाकुल परिवार को गरिमा के साथ अपने दुःख से उबरने का अवसर दें और मृतक की आत्मा को शांति प्रदान करें ।
बंटी सिंह की भूमिका सराहनीय : मृतक परिवार
मृतक परिवार की पत्नी और पुत्र सहदेव पात्रों ने भावुक होकर कहा कि इस कठिन परिस्थिति में उनके परिवार को न्याय दिलाने के लिए बंटी सिंह और उनके समर्थकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि जब उनका परिवार संकट में था, तब जिन लोगों ने आगे आकर सहयोग किया और चार दिनों तक लगातार संघर्ष में साथ दिया, वे सभी उनके लिए आदरणीय हैं। इस लड़ाई में जिन्होंने भी उनके परिवार का साथ दिया, वे उनके योगदान को कभी नहीं भूलेंगे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
