
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित ERO, AERO एवं Additional AERO ने विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण; पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने एवं त्रुटियों में सुधार का दिया गया अवसर…
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड में संचालित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत आज दिनांक 18 नवंबर 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर ‘एक और अवसर कैंप’ का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने तथा पुनरीक्षण से संबंधित लंबित प्रक्रियाओं को पूरा करने का अवसर उपलब्ध कराना था।

इसी क्रम में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह द्वारा 51-सरायकेला विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत आदित्यपुर एवं गम्हरिया क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित शिविरों में सहभागिता की गई। इस दौरान उन्होंने शिविर में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने एवं पुनरीक्षण से संबंधित प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए जागरूक किया। इसके अतिरिक्त संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) एवं Additional AERO द्वारा भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया।

शिविर में वैसे पात्र भारतीय नागरिकों को विशेष रूप से अवसर उपलब्ध कराया गया, जिनका नाम किसी कारणवश ASDD सूची में दर्ज हो गया है, जिन्हें दूसरी बार नोटिस मिलने के बावजूद सुनवाई में उपस्थित होने का अवसर नहीं मिल पाया है अथवा जो 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, लेकिन अभी तक मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं हुए हैं।
इस दौरान पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने हेतु फॉर्म-6 तथा मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों में सुधार एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के लिए निर्धारित फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 की जानकारी दी गई। संबंधित BLO द्वारा नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त विभिन्न मतदान केंद्रों पर चुनावी पाठशाला का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की पात्रता, आवश्यक प्रपत्रों तथा निर्वाचन प्रक्रिया में मतदाताओं की भूमिका के संबंध में जागरूक किया गया। विशेष रूप से नए एवं युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर सभी BLA-2 से भी अपील की गई कि वे अपने मतदान केंद्र क्षेत्र में निवास करने वाले ऐसे पात्र भारतीय नागरिकों की पहचान कर उनकी सूची संबंधित BLO को उपलब्ध कराएं, ताकि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का अवसर मिल सके।
जिला प्रशासन द्वारा सभी पात्र नागरिकों से अपील की जाती है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। यदि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण कराएं। मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि अथवा प्रविष्टि में सुधार की आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करें। विशेष रूप से ASDD सूची में शामिल पात्र नागरिक, दूसरी बार नोटिस प्राप्त करने के बावजूद सुनवाई में उपस्थित नहीं हो पाने वाले नागरिक तथा 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके अपंजीकृत युवा इस अवसर का लाभ उठाते हुए संबंधित BLO से संपर्क करें।
जिला प्रशासन द्वारा मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं BLO को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुनरीक्षण संबंधी कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
