• Wed. Nov 11th, 2026

छठ घाटों का निरीक्षण करने पहुंचे डीसी, गंदगी देख जताई चिंता,मार्ग संख्या-7 घाट तक पहुंचने का रास्ता सुगम बनाने का निर्देश

Subhasish Kumar's avatar

BySubhasish Kumar

Nov 11, 2026
crescent ad
आदित्यपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने बुधवार को आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न नदी घाटों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथ और व्रतियों की सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त मार्ग संख्या-32 स्थित नदी घाट पहुंचे। यहां गंदे पानी के फैलाव को रोकने के लिए उन्होंने नगर निगम को ह्यूम पाइप लगाने का निर्देश दिया।
साथ ही नदी में प्रतिमा विसर्जन के अवशेषों को सम्मानपूर्वक हटाने तथा व्रतियों की सुविधा के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने को कहा। मौके पर जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष अधिवक्ता ओमप्रकाश सहित अन्य लोग मौजूद थे। इसके बाद उपायुक्त मार्ग संख्या-7 स्थित नदी घाट पहुंचे, जहां सैकड़ों टन कचरे का अंबार और उससे उठ रही दुर्गंध की समस्या से स्थानीय लोगों ने उन्हें अवगत कराया।
अभिषेक कुमार, अधिवक्ता नीरज कुमार, अभिषेक विशाल, शंभू प्रसाद, सुरेंद्र प्रसाद सहित अन्य लोगों ने घाट की बदहाली की जानकारी दी। उपायुक्त ने कचरे के ढेर के बीच जाकर स्थिति का जायजा लिया और नगर आयुक्त एवं सिटी मैनेजर को छठ व्रतियों के लिए तत्काल सुगम रास्ता तैयार कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कचरा निष्पादन के लिए स्थायी जगह उपलब्ध होते ही यहां से कचरा हटवाया जाएगा। मौके पर भाजपा जिला मंत्री सतीश शर्मा, अभियंता अमरेश कुमार, अशोक कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।

There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed