
आदित्यपुर । आरआईटी थाना क्षेत्र के मार्ग संख्या-4 में सोमवार देर रात पारिवारिक संपत्ति विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कथित तौर पर बड़े भाई सत्य प्रकाश सुधांशु ने अपने छोटे भाई एवं 111 सेफ लाइफ अस्पताल के निदेशक डॉ. ओपी आनंद को गोली मार दी।
गोली डॉ. आनंद की पीठ में लगी, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे संपत्ति विवाद को मुख्य वजह बताया जा रहा है।
बताया जाता है कि वाई.पी. यादव के निधन के बाद से ही संपत्ति के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद गहराता चला गया था। इसको लेकर पूर्व में भी दोनों के बीच हाथापाई होने की बात सामने आई है। विवाद की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दोनों भाइयों ने अपनी सुरक्षा के लिए अलग-अलग बाउंसर तक तैनात कर रखे थे।
सोमवार देर रात इसी विवाद के दौरान गोली चलने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और शुभचिंतकों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, बड़ी संख्या में लोग डॉ. ओपी आनंद का हाल जानने टीएमएच पहुंच गए। इधर, सूचना मिलने के बाद आरआईटी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिजनों एवं प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। गोली चलाने में प्रयुक्त हथियार, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात के समय मौजूद लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
