• Tue. Nov 3rd, 2026

झरिया में पकड़ा गया पेट खराब करने का ‘सुपर-हिट’ जुगाड़, बिना लाइसेंस चल रहे कारखाने पर रेड, भारी मात्रा में मिलावटी बताशे और सेवई जब्त

admin's avatar

Byadmin

Nov 3, 2026
crescent ad

 

 

धनबाद: झरिया और धनबाद वालों, सावधान! अगर आप इस दिवाली रंग-बिरंगे बताशे और सेवई खाकर अस्पताल में ‘हैप्पी दिवाली’ मनाने के मूड में नहीं हैं, तो सतर्क हो जाइए। फतेहपुर रोड मे बिना लाइसेंस वाले ‘गुप्त’ कारखाने में 210 किलो केमिकल वाले ‘रंगीन बताशे’ और 150 किलो ‘मिलावटी सेवई’ रगड़-रगड़ कर तैयार हो रहा था। फुल-प्रूफ प्लान था कि इस दिवाली आपके मुंह में मिठास और पेट में धमाके किए जाएं और आसपास के पूरे मार्केट में यही माल सप्लाई हो! लेकिन ऐन मौके पर धनबाद उपायुक्त के कड़े निर्देशों के बाद फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. राजा कुमार ने अपनी टीम के साथ ‘सिंघम’ स्टाइल में एंट्री मारी और मिलावट खोर के ‘रंगीन सपनों’ का दिवाला निकाल दिया।

छापेमारी के दौरान जब डॉ. राजा कुमार ने पूछा कि बताशों में कौन सा रंग मिलाया जा रहा है और क्या वह परमिटेड है, तो कारखाना संचालक रंग का डब्बा ही नहीं दिखा पाए! उनके पास काम करने का फूड लाइसेंस तक नहीं था यानी पूरा कारोबार ‘बिना टिकट’ चल रहा था। टीम ने मौके से सिर्फ रंगीन बताशे और सेवई ही नहीं पकड़ी, बल्कि लड्डू बनाने के लिए तैयार की जा रही ‘बूंदी’ का भी सैंपल उठा लिया है।

अब सारा मिलावटी माल एक कमरे में रखकर सील कर दिया गया है। वहीं बताशे, सेवई और बूंदी के सैंपल रांची लैब टेस्टिंग पर भेज दिए गए हैं। डॉ. राजा ने साफ कर दिया है कि बिना लाइसेंस के अवैध और गंदगी में काम करने वालों पर केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और लैब की रिपोर्ट में सैंपल फेल होने पर खैर नहीं होगी।

दुकानदारों और मैन्युफैक्चरर्स को खुली चेतावनी देते हुए फूड सेफ्टी ऑफिसर ने कहा कि यह अभियान सिर्फ त्योहार तक नहीं, बल्कि आगे भी जारी रहेगा। फूड लाइसेंस लेकर ही काम करें, साफ-सफाई रखें और खाने-पीने की चीजों में रंगों का इस्तेमाल कम से कम करें। इस धरपकड़ में डॉ. राजा के साथ ट्रेनी फूड सेफ्टी ऑफिसर चंदन कुमार साव, नैना नायक और चंद्रदेव मंजू की टीम भी मुस्तैद रही।

 

जनहित में जारी संदेश…

 

मिठाइयों और बताशों की चटक-मटक पर बिल्कुल न जाएं, वरना दिवाली के दिन पटाखे मोहल्ले में कम और आपके पेट में ज्यादा फूटेंगे! सामान की क्वालिटी देखकर ही खरीदें और मिलावटखोरों की सूचना तुरंत विभाग को दें। अपनी सेहत को ‘सेफ’ रखें!


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *