
जमशेदपुर । एनएच 33 स्थित भिलाई पहाड़ी हाट बाजार मैदान में श्री श्री सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति द्वारा आयोजित दुर्गोत्सव समारोह धूमधाम से मनाया जा रहा है । यहां मेला देखने के लिए प्रतिदिन लोगों की अपार भीड़ जुट रही है ।
दुर्गा पंडाल का उद्घाटन महाषष्ठी के दिन घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन द्वारा फीता काट कर किया गया। इस मौके पर विशिष्ठ अतिथि में जमशेदपुर 04 के जिला पार्षद प्रभावती दत्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे । पंडाल एवं मेला परिसर को आकर्षण डेकोरेशन से सजाया गया है जो देखते बन रहा है ।

महा सप्तमी के दिन रात्रि आठ बजे से भव्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इस दौरान नंदीग्राम, पश्चिम बंगाल की बंगाल टाइगर डांस एकेडमी एंड एंटरटेनमेंट के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से लोगों के बीच समां बांध दी और दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया । कलाकारों ने अपनी बेहतर प्रदर्शन से दर्शकों के बीच एक अमिट छाप छोड़ी । इससे पहले दुर्गोत्सव महापर्व के अवसर पर रूप संगम वस्त्रालय, भिलाई पहाड़ी की ओर से 40 महिलाओं को साड़ी प्रदान की गई । साथ ही कार्यक्रम में शामिल होने वाले अन्य महिलाओं को भी सांत्वना पुरस्कार दिया गया ।

मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष घासीराम सिंह एवं महासचिव पिंटू दत्ता ने कहा कि भिलाई पहाड़ी में 2007 से ही दुर्गापूजा का आयोजन किया जा रहा है । यहां प्रतिदिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं । गंगा आरती, दुर्गा आरती, झांकी, नृत्य, लोक संगीत, बाउल गीत और बंगला जात्रा देखने के लिए लोगों की अपार भीड़ जुट रही है । वहीं उद्घाटन के दिन शाम के समय बनारस और जमशेदपुर की टीम द्वारा भव्य गंगा आरती, दुर्गा आरती, झांकी एवं जिम्नास्टिक नृत्य देखने के लिए हजारों लोग पहुंचे । उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर को शाम पांच बजे से कोलकाता के प्रियम स्टूडियो का संगीत कार्यक्रम और रात आठ बजे मेदिनीपुर की जमना डांस अकादमी का भव्य नृत्य कार्यक्रम होगा। 19 अक्टूबर को भी महाअष्टमी पर शाम पांच बजे से प्रियम स्टूडियो का संगीत कार्यक्रम होगा और रात आठ बजे से मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल की बिपासा बिस्वास लोक संगीत, बाउल एवं भक्ति गीतों की प्रस्तुति होगी । वहीं 20 अक्टूबर को महानवमी के अवसर पर रात नौ बजे कोलकाता की तारा मां ओपेरा द्वारा बंगला जात्रा प्रस्तुत की जाएगी। 21 अक्टूबर को मूर्ति बिसर्जन किया जाएगा ।
महोत्सव को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष घासीराम सिंह, महासचिव पिंटू दत्ता, सचिव अर्जुन सोरेन, कोषाध्यक्ष बद्रीनाथ प्रधान, सहायक सचिव बिश्वनाथ सिंह मुंडा, संयुक्त सचिव जोगेन गौड़ समेत पूरी आयोजन समिति के लोग अहम भूमिका निभा रहे हैं। समिति ने श्रद्धालुओं से परिवार एवं मित्रों के साथ महोत्सव में शामिल होने की अपील की है। इस संबंध में महासचिव पिंटू दत्ता ने बताया कि सप्तमी से नवमी तक प्रतिदिन श्रद्धालुओं के बीच भोग वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जमशेदपुर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोग कार्यक्रम में शामिल होकर उत्सव का आनंद उठाते हैं और मां दुर्गे की प्रतिमा का दर्शन करने पहुंचते हैं ।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
