
बेरमो/गोमिया –
गोमिया थाना क्षेत्र के सीआरपीएफ कैंप के समीप गुरुवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से ट्यूशन से घर लौट रहे सगे भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने गोमिया-कथारा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार, करमटिया बस्ती निवासी विशाल रविदास और उसकी बहन रोशनी कुमारी ट्यूशन पढ़कर पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सीआरपीएफ कैंप के समीप सड़क किनारे खड़े रहने के दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां रोशनी कुमारी का इलाज चल रहा है, जबकि विशाल रविदास की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रांची रेफर कर दिया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा। ग्रामीणों ने उसका पीछा कर स्वांग गेस्ट हाउस के समीप ट्रैक्टर को रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। हालांकि, चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गोमिया-कथारा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने वाहनों की गति पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की।
थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार ने ग्रामीणों को समझाते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया और यातायात सामान्य हुआ।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
