
रामगढ़, चितरपुर से अविनाश कुमार की रिपोर्ट
रामगढ़/चितरपुर। एयरोसॉफ्ट हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, चितरपुर स्थित स्किल डेवलपमेंट सेंटर में शनिवार को शिक्षक दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षकों, स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। शिक्षक दिवस के अवसर पर सेंटर परिसर को रंग-बिरंगे बैनर, पोस्टर, गुब्बारों, झालरों एवं फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

समारोह का संचालन छात्र-छात्राओं द्वारा किया गया। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने और रोजगार प्राप्त करने के लिए आवश्यक कौशल भी प्रदान करते हैं। विद्यार्थियों ने शिक्षकों को पेन, डायरी एवं गुलाब भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सेंटर हेड इंद्रदेव वर्मा ने कहा कि शिक्षक दिवस केवल एक दिन शिक्षकों के सम्मान का अवसर नहीं, बल्कि जीवनभर अपने गुरुओं के प्रति सम्मान बनाए रखने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान महिला प्रशिक्षकों का भी विशेष सम्मान किया गया। इसके अलावा केक काटकर शिक्षक दिवस की खुशी साझा की गई। छात्राओं ने शिक्षकों के सम्मान में गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
एयरोसॉफ्ट हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड का चितरपुर स्थित स्किल डेवलपमेंट सेंटर रामगढ़ जिले के युवाओं को हेल्थकेयर क्षेत्र में रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। सेंटर के प्रशिक्षक ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को कौशलयुक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर प्रयास करने का संकल्प लिया। पूरे समारोह के दौरान सेंटर परिसर में उत्साह, उमंग और खुशी का माहौल बना रहा।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
