
धनबाद। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की CDS-2 परीक्षा में ऑल इंडिया 189वीं रैंक हासिल कर धनबाद के अहान सिंह ने जिले का नाम रोशन किया है। इस शानदार सफलता के साथ उनका चयन प्रतिष्ठित ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA), चेन्नई के लिए हुआ है। अहान की इस उपलब्धि पर सरायढेला स्थित उनके पूर्व विद्यालय श्री श्री सूर्यदेव सिंह स्मृति गुरुकुलम स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
हीरापुर के झारखंड मैदान निवासी स्वर्गीय रामानुज प्रसाद सिंह के पुत्र अहान सिंह की सफलता पर गुरुकुलम स्कूल परिवार ने गर्व जताया। समारोह में स्कूल की एडमिनिस्ट्रेटर किरण सिंह, प्रिंसिपल रितिका राज एवं शिक्षक नागेश्वर सिंह ने अहान का स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एडमिनिस्ट्रेटर किरण सिंह ने अहान को शाल, मोमेंटो एवं बुके देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अहान की मां राखी सिंह भी मौजूद रहीं।

अहान सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय गुरुकुलम स्कूल के उत्कृष्ट मार्गदर्शन, शिक्षकों की प्रेरणा और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण को दिया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए धैर्य के साथ निरंतर मेहनत करना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि रक्षा सेवा में करियर बनाने के लिए पढ़ाई के साथ शारीरिक फिटनेस और मानसिक मजबूती पर भी ध्यान देना चाहिए।

स्कूल की एडमिनिस्ट्रेटर किरण सिंह ने कहा कि अहान की उपलब्धि पूरे गुरुकुलम परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि अहान ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित किया है कि सही दिशा में किया गया प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि ह्यूमैनिटीज सहित प्रत्येक विषय में करियर की व्यापक संभावनाएं हैं। आज के युवा डिफेंस सर्विसेज के साथ कंटेंट क्रिएशन, इंटरनेशनल रिलेशंस और पब्लिक पॉलिसी जैसे क्षेत्रों में भी अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
प्रिंसिपल रितिका राज और शिक्षक नागेश्वर सिंह ने भी अहान को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता विद्यालय के वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अहान भविष्य में देश की सेवा करते हुए गुरुकुलम स्कूल और धनबाद का नाम और ऊंचा करेंगे।
समारोह में विद्यालय परिवार ने अहान को देश सेवा के नए सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। CDS में AIR-189 की उपलब्धि ने गुरुकुलम स्कूल की शैक्षणिक परंपरा और विद्यार्थियों को मिले मार्गदर्शन को भी गौरवान्वित किया है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
