• Sun. Aug 9th, 2026

संकुल स्तरीय प्रश्नमंच प्रतियोगिता 2026 का भव्य आयोजन

admin's avatar

Byadmin

Aug 9, 2026
crescent ad

 

 

सरायकेला, 09 अगस्त 2026 – सरस्वती शिशु मंदिर उच्च विद्यालय, सरायकेला में रविवार को संकुल स्तरीय प्रश्नमंच प्रतियोगिता 2026 का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु मंदिर उच्च विद्यालय, सरायकेला सहित सरस्वती शिशु मंदिर बुरुडीह, पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर सीनी, सरस्वती शिशु मंदिर महालीमुरूप एवं सरस्वती शिशु मंदिर बड़ाबंबो के भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की परंपरा के अनुरूप सरस्वती वंदना से हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के प्रधानाचार्य पार्थ सारथी आचार्य एवं आचार्य जयप्रकाश ने सभी भैया-बहनों को प्रतियोगिता की रूपरेखा, नियम एवं आयोजन की प्रक्रिया से अवगत कराया तथा सभी प्रतिभागियों को उनकी संबंधित प्रतियोगिता एवं निर्धारित स्थान की जानकारी दी। इसके बाद सभी प्रतियोगिताएँ अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित की गईं।

 

प्रतियोगिता में वैदिक गणित, विज्ञान, संस्कृति बोध प्रश्नमंच, कथा-कथन, त्वरित भाषण, मूर्तिकला एवं आचार्य-दीदी जी के लिए पत्र-वाचन प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। वैदिक गणित, विज्ञान एवं संस्कृति बोध प्रश्नमंच प्रतियोगिताओं को शिशु वर्ग (कक्षा 3 से 5), बाल वर्ग (कक्षा 6 से 8) एवं किशोर वर्ग (कक्षा 9 एवं 10) में विभाजित किया गया था।

 

प्रतियोगिता के परिणाम में वैदिक गणित, विज्ञान एवं संस्कृति बोध प्रश्नमंच के शिशु, बाल एवं किशोर—तीनों वर्गों में सरस्वती शिशु मंदिर उच्च विद्यालय, सरायकेला के भैया-बहनों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इन प्रतियोगिताओं में पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर, सीनी के भैया-बहनों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कथा-कथन एवं त्वरित भाषण प्रतियोगिता में भी सरस्वती शिशु मंदिर उच्च विद्यालय, सरायकेला की बहनों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आचार्य-दीदी जी के पत्र-वाचन प्रतियोगिता में विद्यालय की दीदी श्रेया सिन्हा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरी ओर, मूर्तिकला प्रतियोगिता के बाल एवं किशोर दोनों वर्गों में सरस्वती शिशु मंदिर बुरुडीह के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

 

प्रतियोगिताओं के समापन के पश्चात सभी विजेता एवं प्रतिभागी भैया-बहनों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर भैया-बहनों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली।

 

कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष रामानाथ आचार्य, प्रधानाचार्य पार्थ सारथी आचार्य, उपप्रधानाचार्य तुषारकांत पति, समिति सदस्य गुरुचरण महतो, प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य सुधीर पटनायक सहित समिति के अन्य सदस्य तथा सहभागी विद्यालयों के प्रधानाचार्यगण उपस्थित रहे। अतिथियों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने सभी प्रतिभागी भैया-बहनों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

विद्यालय के प्रधानाचार्य पार्थ सारथी आचार्य ने विजेता भैया-बहनों को उत्साहपूर्ण आशीर्वचन देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएँ दीं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर चयनित सभी भैया-बहन अब विभाग स्तरीय संस्कृति बोध प्रश्नमंच प्रतियोगिता 2026, जो जगन्नाथपुर में आयोजित होगी, में अपने विद्यालय एवं संकुल का प्रतिनिधित्व करेंगे।

 

संकुल स्तरीय प्रश्नमंच प्रतियोगिता 2026 का यह आयोजन विद्यार्थियों में ज्ञान, प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ। आयोजन के सफल संपादन पर विद्यालय परिवार में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण रहा।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *