
झरिया। भारतीय जनता पार्टी धनबाद महानगर द्वारा चलाए जा रहे संगठनात्मक एवं राष्ट्रव्यापी अभियानों को सफल बनाने के उद्देश्य से सोमवार को झरिया स्थित बिहार बिल्डिंग कार्यालय में महानगर जिलाध्यक्ष श्री श्रवण राय की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से झरिया विधायक श्रीमती रागिनी सिंह उपस्थित रहीं। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों, संगठन की सक्रियता तथा जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में 4 एवं 5 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की कलश वंदन यात्रा, 10 से 15 अगस्त तक चलाए जाने वाले हर घर तिरंगा अभियान एवं तिरंगा यात्रा तथा 14 अगस्त को मनाए जाने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रमों को भव्य एवं सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई। इस दौरान मंडल एवं बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करते हुए अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए झरिया विधायक श्रीमती रागिनी सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का संकल्प लेकर कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश देता है। वहीं हर घर तिरंगा अभियान प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें देश विभाजन की त्रासदी का स्मरण कराता है और आने वाली पीढ़ियों को इतिहास से सीख लेने की प्रेरणा देता है।

रागिनी सिंह ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ, प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक घर तक पहुंचकर इन कार्यक्रमों में लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं के समर्पण और जनसंपर्क पर निर्भर करती है तथा भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित और समाजहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है।
महानगर जिलाध्यक्ष श्री श्रवण राय ने कहा कि पार्टी द्वारा निर्धारित सभी कार्यक्रम अनुशासित, व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न किए जाएंगे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक में राजकुमार अग्रवाल, मानस प्रसून, रूपेश सिन्हा, वीरेंद्र हांसदा, अजय निषाद, बच्चा गिरी, कमलेश सिंह, स्वरूप भट्टाचार्य, उमेश यादव, अवधेश साव, सुनील पासवान, संतोष रवानी, दलीप भारती सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
